Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Why Hanuman Beniwal Is Struggling to Expand RLP Beyond Nagaur

राजस्थान: हनुमान बेनीवाल की तीसरी ताकत बनने की राह में अपने ही क्यों बन रहे रोड़ा?

Fri, 27 Nov 2026 05:28 PM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: सौरभ भट्ट Updated Fri, 27 Nov 2026 05:28 PM IST
सार

पंचायत चुनाव में मारवाड़ के छह जिलों में RLP ने भाजपा से ज्यादा पंचायत समिति सीटें जीतीं, लेकिन 37 जिलों में सिर्फ एक जिला प्रमुख बना सकी; विधानसभा चुनाव में भी जनाधार को जीत में बदलने की चुनौती से जूझते नजर आए हनुमान।

विज्ञापन
Why Hanuman Beniwal Is Struggling to Expand RLP Beyond Nagaur
हनुमान बेनीवाल - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजस्थान की राजनीति में कांग्रेस और भाजपा के बीच तीसरी ताकत बनने का सपना देख रहे हनुमान बेनीवाल के सामने एक बार फिर वही पुरानी चुनौती खड़ी हो गई है। चुनाव में भीड़ जुटाने, माहौल बनाने और सीटें जीतने के बावजूद उनकी पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) अपनी इस ताकत को सत्ता में बदलने में कामयाब नहीं हो पा रही है। पंचायत चुनाव के नतीजों ने इस विरोधाभास को फिर सामने ला दिया है।

विज्ञापन

जाट हार्टलैंड कहे जाने वाले मारवाड़ के छह जिलों में RLP ने 334 पंचायत समिति सीटें जीतकर भाजपा को पीछे छोड़ दिया। भाजपा को यहां 312 सीटें मिलीं। इस लिहाज से RLP का प्रदर्शन भाजपा से बेहतर रहा, लेकिन जब जिला प्रमुख बनाने की बारी आई तो पार्टी की राजनीतिक ताकत नागौर तक सिमट गई। प्रदेश के 37 जिलों में RLP सिर्फ एक जिला प्रमुख बना सकी। दूसरी ओर कांग्रेस ने 24, भाजपा ने 10 और BAP ने दो जिलों में जिला प्रमुख बनाए। ऐसे में सवाल यह है कि क्या बेनीवाल की अपनी राजनीतिक शैली, संगठन का सीमित विस्तार और स्थानीय स्तर पर नेतृत्व की कमी ही उनकी तीसरी ताकत बनने की राह में रोड़ा बन रही है?

विज्ञापन

चुनाव में बेनीवाल का शोर, लेकिन सत्ता के गणित में पिछड़ी RLP

RLP की राजनीति का सबसे बड़ा आधार हनुमान बेनीवाल की व्यक्तिगत लोकप्रियता और उनकी आक्रामक शैली रही है। वे किसान, युवा और स्थानीय मुद्दों पर सरकार को घेरकर राजनीतिक माहौल बनाने में सफल रहते हैं। उनकी सभाओं में भीड़ और समर्थकों का उत्साह पार्टी को चुनावी पहचान दिलाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

पंचायत चुनाव में भी इसका असर दिखाई दिया। मारवाड़ के छह जिलों में पार्टी ने 334 पंचायत समिति सीटें जीतीं। इनमें नागौर में 92, बाड़मेर में 75, डीडवाना-कुचामन में 66, जोधपुर में 62, बीकानेर में 28 और फलोदी में 11 सीटें शामिल हैं। इन जिलों में कांग्रेस 702 सीटों के साथ पहले, RLP 334 सीटों के साथ दूसरे और भाजपा 312 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

लेकिन पार्टी की कुल 334 सीटों में से 233 सीटें अकेले नागौर, बाड़मेर और डीडवाना-कुचामन से आईं। यानी करीब 70 फीसदी सीटें तीन जिलों में केंद्रित रहीं। 

क्या बेनीवाल की राजनीति एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द सिमटी है?

RLP की सबसे बड़ी ताकत बेनीवाल खुद हैं और यही ताकत उनकी सबसे बड़ी  चुनौती भी बनती दिखाई देती है। नागौर में उनका व्यक्तिगत प्रभाव पार्टी को चुनावी मजबूती देता है। यहां स्थानीय स्तर पर लंबे समय से तैयार राजनीतिक आधार भी काम आता है। लेकिन दूसरे जिलों में पार्टी इसी तरह का मजबूत नेतृत्व तैयार नहीं कर सकी है।

तीसरी राजनीतिक ताकत बनने के लिए केवल एक बड़े चेहरे का होना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए हर क्षेत्र में ऐसे स्थानीय नेताओं की जरूरत होती है, जो अपने दम पर चुनावी समीकरण बना सकें और पार्टी के पक्ष में दूसरे दलों के नेताओं तथा निर्दलीयों का समर्थन जुटा सकें।

नागौर में RLP जिला प्रमुख बनाने में सफल रही, लेकिन बाड़मेर और डीडवाना-कुचामन जैसे जिलों में पंचायत समिति स्तर पर भाजपा से बेहतर प्रदर्शन के बावजूद जिला प्रमुख का पद हासिल नहीं कर सकी। 

आक्रामक राजनीति से पहचान मिली, लेकिन गठबंधन की राजनीति में चुनौती

बेनीवाल ने अपनी राजनीति में कांग्रेस और भाजपा दोनों के खिलाफ मुखर रुख अपनाया है। उनकी पहचान सीधे टकराव और सरकार को घेरने वाली राजनीति से बनी है। इससे उन्हें समर्थकों के बीच अलग पहचान मिली, लेकिन राजस्थान में तीसरी ताकत बनने के लिए केवल विरोध की राजनीति पर्याप्त नहीं है।

जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव में कई बार सदस्यों की संख्या से ज्यादा राजनीतिक प्रबंधन महत्वपूर्ण हो जाता है। ब्यावर में भाजपा के 14 और कांग्रेस के 13 जिला परिषद सदस्य होने के बावजूद कांग्रेस की ममता गुर्जर एक वोट से जिला प्रमुख चुनी गईं। चूरू में भी भाजपा स्पष्ट बहुमत नहीं होने के बावजूद जिला प्रमुख बनाने में सफल रही। 

विधानसभा चुनाव में भी जनाधार को सीटों में बदलने की चुनौती

बेनीवाल की राजनीति के सामने यह चुनौती नई नहीं है। 2018 के विधानसभा चुनाव में RLP ने तीन सीटें जीतकर राजस्थान की राजनीति में तीसरी ताकत के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन कर बेनीवाल नागौर से सांसद बने।

दिसंबर 2020 में किसान आंदोलन के दौरान उन्होंने एनडीए से अलग होने का फैसला किया। इसके बाद 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 78 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, लेकिन जीत केवल खींवसर में मिली। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन के सहारे बेनीवाल नागौर से फिर सांसद बने, लेकिन खींवसर उपचुनाव में उन्हें भाजपा के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

इन घटनाक्रमों से पता चलता है कि बेनीवाल की व्यक्तिगत राजनीतिक पकड़ और चुनावी प्रभाव बना हुआ है, लेकिन उसे लगातार विधानसभा सीटों में बदलना आसान नहीं रहा है।

जीत के बाद भी बिखराव
हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपना राजनीतिक जनाधार बढ़ाने के साथ उसे एकजुट रखने की भी है। पंचायत चुनाव में मारवाड़ के छह जिलों में 334 पंचायत समिति सीटें जीतकर भाजपा को पीछे छोड़ने के बावजूद पार्टी 37 जिलों में सिर्फ नागौर में जिला प्रमुख बना सकी।

दूसरी ओर, पार्टी से जुड़े कई नेता और निर्वाचित प्रतिनिधि समय-समय पर भाजपा और कांग्रेस में शामिल होते रहे हैं। पूर्व विधायक और प्रदेशाध्यक्ष पुखराज गर्ग, बायतू से पूर्व RLP प्रत्याशी उम्मेदाराम बेनीवाल और पंचायत स्तर के नेताओं का दूसरी पार्टियों में जाना इसी चुनौती को दिखाता है।

मौजूदा जिला प्रमुख चुनाव में बालोतरा में RLP के सात सदस्यों के वोट भी एकजुट नहीं रह सके। चार वोट भाजपा और तीन कांग्रेस के पक्ष में गए। इससे पार्टी के सामने संगठन को मजबूत रखने, नेताओं को साथ जोड़ने और चुनावी ताकत को सत्ता में बदलने की चुनौती फिर उजागर हुई है।

बेनीवाल के सामने अब दोहरी चुनौतीपंचायत चुनाव में मारवाड़ के छह जिलों में भाजपा से आगे निकलना RLP के लिए छोटी उपलब्धि नहीं है। यह बताता है कि पार्टी के पास एक ऐसा मतदाता आधार है, जो उसे क्षेत्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की क्षमता देता है। लेकिन केवल पंचायत समिति की सीटें जीतना प्रदेश की राजनीति में तीसरी ताकत बनने के लिए पर्याप्त नहीं है।

बेनीवाल के सामने पहली चुनौती नागौर से बाहर मजबूत स्थानीय नेतृत्व और संगठन खड़ा करने की है। दूसरी चुनौती चुनाव के बाद राजनीतिक समीकरण बनाने और अपनी सीटों को सत्ता में बदलने की क्षमता विकसित करने की है।

वरिष्ठ पत्रकार अंकित तिवाड़ी का कहना है कि  राजस्थान की राजनीति में तीसरी ताकत बनने के लिए बेनीवाल को अपनी व्यक्तिगत लोकप्रियता को संगठन की ताकत में बदलना होगा। उन्हें ऐसे स्थानीय चेहरे तैयार करने होंगे, जो पार्टी के लिए अपने क्षेत्रों में स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बना सकें। साथ ही कांग्रेस और भाजपा के बीच अपनी अलग जगह बनाने के लिए मुद्दों के साथ व्यावहारिक राजनीतिक रणनीति भी अपनानी होगी।

पंचायत चुनाव ने बेनीवाल को यह संदेश जरूर दिया है कि मारवाड़ में उनकी पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है, लेकिन जिला प्रमुख के नतीजों ने यह भी साफ कर दिया कि चुनावी ताकत और सत्ता हासिल करने की क्षमता दोनों अलग-अलग चीजें हैं। अब देखना होगा कि बेनीवाल इस जनाधार को विधानसभा चुनाव में कितनी सीटों में बदल पाते हैं या उनकी राजनीति एक बार फिर कुछ इलाकों और एक बड़े चेहरे तक सीमित रह जाती है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed