राजस्थान एलडीसी भर्ती : दूसरे चरण की टाइपिंग परीक्षा 21 दिसंबर से होगी, 30,000 से अधिक अभ्यर्थी भाग लेंगे
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की एलडीसी कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा-2026 के दूसरे चरण की टाइपिंग परीक्षा 21 दिसंबर से शुरू होगी। कंप्यूटर आधारित परीक्षा में हिंदी-अंग्रेजी टाइपिंग और दक्षता के चार परीक्षण होंगे। प्रत्येक में न्यूनतम नौ अंक अनिवार्य हैं।
विस्तार
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने लिपिक ग्रेड-II (एलडीसी) कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 के दूसरे चरण की तिथि घोषित कर दी है। चरण-II की परीक्षा 21 दिसंबर से शुरू होगी। इस चरण में अभ्यर्थियों की कंप्यूटर पर हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग गति तथा दक्षता का परीक्षण किया जाएगा। द्वितीय चरण की यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी, जिसमें कुल चार भाग शामिल किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के इस दौर में करीब 30,000 से अधिक अभ्यर्थी भाग लेंगे।
टाइपिंग स्पीड एवं दक्षता परीक्षण
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अनुसार चरण-II की परीक्षा में हिंदी टाइपिंग स्पीड, अंग्रेजी टाइपिंग स्पीड, हिंदी दक्षता परीक्षण और अंग्रेजी दक्षता परीक्षण नाम से चार अलग-अलग भाग होंगे। प्रत्येक भाग के लिए 25-25 अंक तय किए गए हैं और हर भाग को पूरा करने के लिए अभ्यर्थियों को 10-10 मिनट का समय दिया जाएगा। इस तरह चारों भागों को मिलाकर परीक्षा के कुल 100 अंक निर्धारित हैं। अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में बने रहने के लिए चारों भागों में पृथक-पृथक न्यूनतम अंक हासिल करने होंगे। बोर्ड ने प्रत्येक भाग में 25 में से न्यूनतम नौ अंक प्राप्त करना अनिवार्य बनाया है। यदि कोई अभ्यर्थी किसी एक भी भाग में न्यूनतम नौ अंक नहीं पाता है, तो वह परीक्षा में सफल नहीं हो सकेगा। हिंदी स्पीड टेस्ट, अंग्रेजी स्पीड टेस्ट, हिंदी दक्षता परीक्षण और अंग्रेजी दक्षता परीक्षण, सभी में यह मानक समान रूप से लागू रहेगा।
पढ़ें: पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में दो और आरोपी हिरासत में, अब तक 15 गिरफ्तार; पूछताछ जारी
पैराग्राफ, अंक निर्धारण और छूट
टाइपिंग टेस्ट के दौरान अभ्यर्थियों को कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित पैराग्राफ को देखकर टाइप करना होगा। बोर्ड ने अंग्रेजी टाइपिंग के लिए 500 शब्दों का पैराग्राफ और हिंदी टाइपिंग के लिए 400 शब्दों का पैराग्राफ तय किया है। दोनों भाषाओं में टाइपिंग पूरा करने के लिए 10-10 मिनट का समय मिलेगा। अंकों के निर्धारण में बोर्ड ने विशेष व्यवस्था लागू की है। अंग्रेजी में प्रत्येक सही शब्द टाइप करने पर 0.05 अंक दिए जाएंगे, जबकि हिंदी में प्रत्येक सही शब्द के लिए 0.0625 अंक मिलेंगे। टाइपिंग के समय यदि अभ्यर्थी कोई गलत वर्ण, शब्द या अंक लिखता है अथवा कोई वर्ण, शब्द या अंक छोड़ देता है, तो उस गलती के अंक काट दिए जाएंगे और कोई अंक नहीं मिलेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपनी टाइपिंग गति के साथ-साथ शुद्धता पर विशेष ध्यान देना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही, बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रत्येक प्रश्नपत्र के न्यूनतम अंकों में पांच प्रतिशत तक छूट का प्रावधान दिया गया है।
मॉक टेस्ट और भर्ती का पिछला आंकड़ा
बोर्ड अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रणाली से परिचित कराने के लिए मॉक टेस्ट की सुविधा देगा। परीक्षा से लगभग 15 दिन पूर्व बोर्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर मॉक टेस्ट का लिंक उपलब्ध कराएगा। इस लिंक के माध्यम से अभ्यर्थी कंप्यूटर आधारित टाइपिंग प्रक्रिया का अभ्यास कर सकेंगे, स्क्रीन पर दिए गए पैराग्राफ के अनुसार टाइपिंग सीख सकेंगे और तय समय सीमा में कार्य पूरा करने की तैयारी कर सकेंगे। बोर्ड ने इसी साल जनवरी में एलडीसी के कुल 10,644 पदों पर भर्ती निकाली थी। इस भर्ती के लिए राज्य भर से 5.81 लाख अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन जमा किया था। इसके बाद 5 जुलाई को आयोजित लिखित परीक्षा में करीब 4.45 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। लिखित परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अब चयन प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश कर चुकी है, जिसकी टाइपिंग परीक्षा दिसंबर में आयोजित की जा रही है।