राजस्थान हाईकोर्ट सख्त : दो महीने में भरें महिला आयोग के खाली पद, 3,122 मामले लंबित होने पर जताई चिंता
राजस्थान हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को दो महीने के भीतर महिला आयोग के अध्यक्ष और रिक्त सदस्य पदों पर नियुक्तियां करने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि आचार संहिता के कारण आयोग का कामकाज ठप नहीं रह सकता। याचिका के अनुसार, आयोग में 3,122 मामले लंबित हैं।
विस्तार
राजस्थान हाईकोर्ट ने राज्य महिला आयोग में लंबे समय से खाली पड़े अध्यक्ष और सदस्यों के पदों को लेकर राज्य सरकार को सख्त निर्देश दिए हैं। अदालत ने सरकार को अधिकतम दो महीने के भीतर महिला आयोग के अध्यक्ष और सभी रिक्त सदस्य पदों पर नियुक्तियां पूरी करने को कहा है। अदालत ने स्पष्ट किया कि आचार संहिता के नाम पर महिलाओं के अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण संस्था का कामकाज ठप नहीं रखा जा सकता।
मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार अग्रवाल और न्यायमूर्ति बलजिंदर सिंह संधू की खंडपीठ ने रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश दिया। इसके साथ ही अदालत ने याचिका का निस्तारण कर दिया।
आचार संहिता का हवाला देने पर सरकार को कोर्ट की दोटूक
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण खंडेलवाल ने पक्ष रखते हुए कहा कि प्रदेश में आचार संहिता लागू होने के कारण नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। इस पर खंडपीठ ने कहा कि महिला आयोग जैसी महत्वपूर्ण संस्था का कामकाज किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं होना चाहिए। महिलाओं के अधिकारों और उनकी शिकायतों से जुड़े मामलों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
याचिकाकर्ता उत्थान विधिक सहायता एवं सेवा संस्थान ने अदालत को बताया कि राजस्थान राज्य महिला आयोग अधिनियम, 1999 की धारा 3(2) के तहत आयोग में एक अध्यक्ष, एक सदस्य सचिव और अधिकतम चार सदस्यों की नियुक्ति का प्रावधान है।
अध्यक्ष और तीन सदस्यों के पद खाली, 3,122 शिकायतें लंबित
जनहित याचिका के अनुसार, महिला आयोग की तत्कालीन अध्यक्ष का कार्यकाल वर्ष 2025 में समाप्त हो गया था। इसके बाद से नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई है। इसी वर्ष आयोग के तीन सदस्यों का कार्यकाल भी पूरा हो गया। इस कारण अध्यक्ष और तीन सदस्यों के पद लंबे समय से रिक्त हैं।
याचिका में बताया गया कि इन पदों पर नियुक्तियां नहीं होने से आयोग का कामकाज प्रभावित हो रहा है। वर्तमान में आयोग में 3,122 मामले लंबित हैं। अध्यक्ष और सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण शिकायतों की सुनवाई भी प्रभावित हुई है। इससे पीड़ित महिलाओं को समय पर राहत और संस्थागत सहायता नहीं मिल पा रही है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग भी दे चुका है निर्देश
याचिकाकर्ता ने अदालत में दलील दी कि महिला अपराध से जुड़े मामलों में पीड़ितों को त्वरित सुनवाई और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए महिला आयोग का सुचारु संचालन बेहद जरूरी है। इससे पहले राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग भी राज्य सरकार को महिला आयोग के रिक्त पदों को भरने के संबंध में निर्देश दे चुका है।
सभी पक्षों की दलीलें सुनने और तथ्यों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को अधिकतम दो महीने के भीतर महिला आयोग के अध्यक्ष और सभी रिक्त सदस्य पदों पर नियुक्तियां करने का निर्देश दिया।
