Rajasthan News: मानसून सत्र से पहले भजनलाल सरकार की अहम कैबिनेट बैठक आज, OBC आयोग की रिपोर्ट पर होगी चर्चा
राजस्थान में मानसून सत्र से पहले आज भजनलाल सरकार की कैबिनेट बैठक होगी। बैठक में OBC आयोग की रिपोर्ट कैबिनेट के समक्ष रखी जाएगी। इसके अलावा 20 अगस्त से शुरू होने जा रहे विशेष सत्र में पेश होने वाले बिलों को लेकर भी इस बैठक में चर्चा होनी है।
विस्तार
बैठक में राज्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आयोग की रिपोर्ट को मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इसे राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों से पहले ओबीसी राजनीतिक आरक्षण को लेकर आयोग की रिपोर्ट अहम मानी जा रही है। यदि सरकार इस पर कोई निर्णय लेती है तो स्थानीय निकाय चुनावों की दिशा और समय-सीमा तय होने का रास्ता साफ हो सकता है।
विधानसभा सत्र की रणनीति पर भी होगा मंथन
सूत्रों के अनुसार कैबिनेट बैठक में मानसून सत्र के एजेंडे, सरकार की प्राथमिकताओं और सदन में पेश किए जाने वाले प्रमुख विधेयकों पर भी चर्चा होगी। सरकार विभिन्न विभागों के लंबित प्रस्तावों, विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों की समीक्षा भी कर सकती है। राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि सरकार संवैधानिक परंपराओं के अनुरूप नियमित अंतराल पर विधानसभा का सत्र बुला रही है। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों को मंजूरी तथा जनहित से जुड़े विधेयकों को सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।
सरकार पहले ही संकेत दे चुकी है कि वह यूसीसी बिल लाएगी। सत्र शुरू होने से पहले सरकार की तरफ से यूसीसी के बिल पर लोगों की राय लेने का काम भी शुरू कर दिया गया है। हालांकि सत्र छोटी अवधि के लिए होगा लेकिन निकाय-पंचायत चुनावों में मैसेज देने के लिए संभवत: सरकार इसी सत्र में यूसीसी बिल लाएगी।
यह भी पढें- जयपुर के जर्जर स्कूलों पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से मांगी पूरी रिपोर्ट; 7 दिन में देना होगा जवाब
रोजगार, निवेश और जनकल्याण पर रहेगा फोकस
कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि राज्य सरकार समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संकेत दिए कि सरकार निवेश, रोजगार सृजन, कृषि, महिला सुरक्षा और युवा कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है।