Rajasthan Budget 2025: जयपुर को मिला विकास का बड़ा तोहफा, इंफ्रास्ट्रक्चर-टूरिज्म में होगा बड़ा बदलाव; जानें
Rajasthan Budget 2025: राजस्थान सरकार ने बजट 2024 में राजधानी जयपुर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इनमें सड़क, टूरिज्म, खेल, स्वास्थ्य, निवेश और शिक्षा से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं, जो शहर की बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बजट में जयपुर के लिए कई घोषणाएं की। इसमें जयपुर के आराध्य देव गोविंददेव जी मंदिर में भक्तों की श्रद्धा को देखते हुए, यहां सालभर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन करवाने की घोषणा की। इसके लिए सरकार ने 50 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया है।
सड़कों और बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती
जयपुर में यातायात को सुगम बनाने और एक्सीडेंट जोन को कम करने के लिए 250 करोड़ रुपए की लागत से सड़क विकास का कार्य किया जाएगा। साथ ही, दिल्ली-जयपुर, जयपुर-आगरा और जयपुर-कोटा हाईवे को जीरो एक्सीडेंट जोन बनाने के लिए सड़क सुधार किया जाएगा।
इसके अलावा, ओटीएस चौराहे पर 185 करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड रोड और झोटवाड़ा से खातीपुरा तक 65 करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। अपैक्स सर्किल से जगतपुरा बालाजी तिराहा तक 130 करोड़ रुपए की लागत से 2.40 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। साथ ही, सांगानेर, जगतपुरा, झोटवाड़ा और घाट की गूणी की सड़कों के रेनोवेशन के लिए 135 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
टूरिज्म को मिलेगा नया आयाम
राजधानी के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गोविंददेवजी मंदिर में सालभर कला महोत्सव आयोजित किए जाएंगे, जिस पर 50 करोड़ रुपए खर्च होंगे। साथ ही, अल्बर्ट हॉल म्यूजियम के लिए 25 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। जयपुर में एक नई हॉप ऑन हॉप ऑफ बस सेवा शुरू की जाएगी, जिससे पर्यटक आसानी से शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
निवेश और उद्योग को बढ़ावा
जयपुर में निवेश को आकर्षित करने के लिए बिचून क्षेत्र में फ्लैटेड फैक्टरी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
शिक्षा और खेल को नई दिशा
राजधानी में बालिका सैनिक स्कूल की स्थापना की जाएगी, जिससे लड़कियों को रक्षा क्षेत्र में बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण मिल सकेगा। इसके अलावा, वैदिक गुरुकुल और वैदिक पर्यटन केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे भारत की प्राचीन परंपराओं और शिक्षा पद्धतियों को बढ़ावा मिलेगा। खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए एसएमएस स्टेडियम में बैडमिंटन एकेडमी और शूटिंग रेंज बनाई जाएगी। साथ ही, चित्रकूट और विद्याधर नगर स्टेडियम में रनिंग के लिए सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण होगा।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव
राजस्थान सरकार ने जयपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए 500 करोड़ रुपए की लागत से राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सर्विसेज (RIMS) को अपग्रेड करने की घोषणा की है। इसके तहत जयपुर के आरयूएचएस को अपग्रेड करके जिरियाट्रिक मेडिसिन (बुजुर्गों की बीमारियों) पर रिसर्च सेंटर स्थापित किया जाएगा।
जयपुर में आधुनिक परिवहन और विकास की नई योजनाएं
जयपुर को आधुनिक परिवहन सुविधाओं से लैस करने के लिए 80 करोड़ रुपए की लागत से ओटीएस चौराहे पर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। वहीं, नारायण सर्किल से पुराना रामगढ़ मोड़, खानियां से बगराना आगरा रोड, और अरण्य भवन से ट्रांसपोर्ट नगर तक एलिवेटेड रोड के लिए डीपीआर तैयार की जाएगी।
नए बजट से जयपुर को मिलेगा स्मार्ट सिटी का दर्जा
सरकार की इन घोषणाओं से जयपुर को एक स्मार्ट और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बजट में घोषित योजनाएं इंफ्रास्ट्रक्चर, टूरिज्म, स्वास्थ्य, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में जयपुर को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने में मदद करेंगी।
जगतपुरा, वैशाली नगर में मेट्रो के लिए सर्वे होगा
साथ ही उन्होंने जगतपुरा, वैशाली नगर के एरिया में मेट्रो चलाने के संबंध में सर्वे करवाने की भी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने अनुपयोगी बीआरटीएस कॉरिडोर को भी हटाए जाने की घोषणा की।