{"_id":"6a27af1ff8a46a606e0c8925","slug":"jda-s-mega-encroachment-drive-paves-way-for-80-foot-road-better-connectivity-for-50-colonies-2026-06-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऑपरेशन 80 फीट : धार्मिक स्थल हटाने के बाद अब JDA करेगा डिमार्केशन, 50 कॉलोनियों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऑपरेशन 80 फीट : धार्मिक स्थल हटाने के बाद अब JDA करेगा डिमार्केशन, 50 कॉलोनियों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
Tue, 09 Jun 2026 11:45 AM IST
Sourabh Bhatt
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: Sourabh Bhatt
Updated Tue, 09 Jun 2026 11:45 AM IST
सार
जयपुर में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच जेडीए ने नंदपुरी क्षेत्र से पांच धार्मिक स्थलों को हटाया। अब 80 फीट चौड़ी सड़क निर्माण के लिए डिमार्केशन शुरू होगा। परियोजना पूरी होने पर जगतपुरा सहित 50 से अधिक कॉलोनियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
विज्ञापन
अतिक्रमण मुक्त हुआ कृष्णा मार्ग
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने सोमवार को नंदपुरी से जगतपुरा को जोड़ने वाले कृष्णा मार्ग पर सड़क सीमा में आ रहे पांच धार्मिक स्थलों को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हटा दिया। अब प्रशासन का अगला कदम 80 फीट चौड़ी सड़क का डिमार्केशन कर निर्माण कार्य शुरू करना होगा। परियोजना पूरी होने के बाद करीब 50 कॉलोनियों को रेलवे लाइन के समानांतर नंदपुरी से जगतपुरा तक सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी।
विज्ञापन
कार्रवाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर और पूर्व जिलों में करीब साढ़े 18 घंटे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखी गईं। करीब 5 किलोमीटर क्षेत्र को सील किया गया, जबकि छतों और ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात कर निगरानी रखी गई। आम लोगों और मीडिया की आवाजाही भी प्रतिबंधित रही।
विज्ञापन
JDA ने सुबह अभियान शुरू कर सड़क सीमा में आ रहे दो मंदिर, एक मस्जिद, एक मजार और एक सत्संग भवन को हटाया। इससे पहले संबंधित पक्षों को स्वयं निर्माण हटाने के लिए समय दिया गया था और नोटिस भी जारी किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार मास्टर प्लान में यह सड़क 80 फीट चौड़ी प्रस्तावित है, जबकि मौके पर इसकी चौड़ाई कई स्थानों पर केवल 30 फीट रह गई थी, जिससे लगातार जाम की स्थिति बनती थी।
विज्ञापन
यह भी पढें- Rajasthan: पीड़िता को सीतापुर से लाया दिल्ली, फिर ढकेल दिया शोषण के दलदल में; नाबालिग की आपबीती ने चौंकाया
इससे पहले 22 मई को JDA सड़क सीमा में आ रहे 122 मकानों और अन्य अतिक्रमणों को भी हटा चुका है। अब इंजीनियरिंग विंग सड़क की अंतिम पैमाइश और डिमार्केशन कर निर्माण प्रक्रिया शुरू करेगी।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में जेसीबी, चार पोकलेन, 12 डंपर और 13 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लगाया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 3 हजार पुलिसकर्मी, कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, JDA प्रवर्तन शाखा और इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन का दावा है कि सड़क चौड़ी होने के बाद नंदपुरी, जगतपुरा, मालवीय नगर, गिरधर मार्ग और एपेक्स सर्किल क्षेत्र के बीच यातायात का दबाव कम होगा तथा हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। फिलहाल कार्रवाई के बाद मलबा हटाने का कार्य पूरा किया जा रहा है और जल्द ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।