Jaipur News: जयपुर के सूर्य नगर में स्टेशनरी गोदाम में भीषण आग, चार घंटे बाद पाया काबू
महेश नगर की सूर्य नगर कॉलोनी में बुधवार शाम स्टेशनरी गोदाम में लगी आग से इलाके में दहशत फैल गई। गोदाम में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग विकराल हो गई, जबकि दमकल की 10 गाड़ियों ने घंटों बाद आग बुझाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जयपुर के महेश नगर थाना इलाके की सूर्य नगर कॉलोनी में बुधवार शाम एक मकान में बने स्टेशनरी गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना शाम करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार मकान के अंदर पेन, किताबें और अन्य स्टेशनरी सामान का गोदाम संचालित किया जा रहा था। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से विकराल रूप लेती चली गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब चार घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी। संकरी गलियों और धुएं के कारण राहत कार्य में भी कठिनाई आई, लेकिन देर रात तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
ये भी पढ़ें: Kotputli-Behror: हाईवे किनारे गत्ता गोदाम में भीषण आग, 4 घंटे की मशक्कत के बाद काबू, लाखों का सामान जलकर राख
राहत की बात यह रही कि समय रहते आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि मकान में चार से पांच छात्र किराए पर रहकर पढ़ाई करते थे। सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौके से तीन घरेलू गैस सिलिंडर भी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग सिलिंडरों तक पहुंच जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ सकते थे।
फिलहाल पुलिस मकान मालिक की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रिहायशी इलाके में कब से गोदाम जैसी व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं और वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। आग से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.