घर से बाहर निकलते ही सरकारी अफसर पर हमला, सिर पर आए 25 टांके; 10 दिन बाद भी हमलावर फरार
जयपुर में घर से बाहर निकलते ही सरकारी अधिकारी डॉ. मदन यादव पर छह अज्ञात लोगों ने हमला किया। सिर पर 25 टांके आए, 10 दिन बाद भी आरोपी फरार हैं।
विस्तार
राजधानी जयपुर में घर से बाहर निकलते ही एक सरकारी अधिकारी पर छह अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। 18 सितंबर की रात करीब आठ बजे हुई इस वारदात में डॉ. मदन यादव के सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें 25 टांके लगाने पड़े। हालत गंभीर होने पर उन्हें चार दिन तक दुर्लभजी अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। फिलहाल वे घर पर स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
घटना को करीब 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने से डॉ. यादव और उनका परिवार चिंतित है। डॉ. यादव ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने हमलावरों की पहचान और तत्काल गिरफ्तारी के साथ निष्पक्ष जांच तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
यह भी पढें- सीकर में अचानक बदला मौसम: तेज हवाओं से गिरे बिजली के पोल-तार; कार पर गिरी डीपी, मचा हड़कंप
पूर्व सीएम ने सीएम को लिखा पत्र
मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी 26 सितंबर को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने डॉ. यादव की सुरक्षा संबंधी चिंता का उल्लेख करते हुए मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई का अनुरोध किया है। पत्र में FIR संख्या 380/2026, थाना नारायण विहार, जयपुर दक्षिण का भी उल्लेख है।
हमले के बाद परिवार में डर का माहौल
डॉ. यादव के मुताबिक, घटना के बाद उनके बुजुर्ग माता-पिता और चार बच्चे भी भय और चिंता में हैं। उनका कहना है कि राजधानी में एक सरकारी अधिकारी पर इस तरह हमला होना गंभीर मामला है और कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार की चिंता बढ़ी है।
उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है।