Diwali 2024: दिवाली के स्वागत में सजा केकड़ी शहर, चारदीवारी के भीतर चार पहिया वाहन और टेंपो का प्रवेश बंद
दिवाली पर्व के मद्देनजर केकड़ी शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मंगलवार से चारदीवारी के भीतर चार पहिया वाहन व टेंपो का प्रवेश बंद कर दिया गया है। यह पाबंदी एक नवंबर तक लागू की गई है।
विस्तार
केकड़ी शहर दिवाली के स्वागत में पूरी तरह तैयार है। दीपोत्सव को लेकर केकड़ी के बाजार ग्राहकों के लिए सज चुके हैं। धनतेरस के साथ दीपोत्सव का छह दिवसीय त्योहार आज यानी मंगलवार से शुरू हो रहा है। पंडितों के अनुसार, बाजार में खरीदारी के लिए विशेष योग रहेगा। धनतेरस पर सोने-चांदी के बने आभूषण और बर्तन खरीदने की परंपरा है। इस पर्व पर भगवान धन्वंतरि देव की षोडशोपचार पूजा करने का विशेष महत्व होता है। हिंदू धर्म में धनतेरस का त्योहार धन, आरोग्यता, सुख और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
कार्तिक मास में कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी से ही दीप-प्रकाश उत्सव शुरू हो जाता है। इस त्रयोदशी को 'धनतेरस' कहा जाता है। इस दिन धन्वंतरि जयंती का पर्व भी चिकित्सक लोग मनाते हैं। पंडितों के अनुसार त्रयोदशी से लेकर भाई दूज तक के उत्सव का वर्णन भविष्योत्तरपुराण में विस्तार के साथ दिया हुआ है।
-
अभिजीत मुहूर्त- सुबह 11.48 बजे से 12:32 बजे तक
-
चर (सामान्य) - सुबह 09:18 से सुबह 10.41 तक
-
लाभ (उन्नति) - सुबह 10.41 से दोपहर 12.05 तक
-
अमृत (सर्वोत्तम) - दोपहर 12.05 से दोपहर 01.28 तक
-
लाभ (उन्नति) - रात 7.15 से रात 08.51 बजे तक
चौपहिया वाहन व टेम्पों का प्रवेश बंद
दिवाली के दौरान बाजार में आने वाले ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार से शहर में चारदीवारी के भीतर के इलाकों में चार पहिया वाहन व टेंपो के प्रवेश पर पाबन्दी लागू कर दी है। जो एक नवम्बर तक जारी रहेगी। थानाधिकारी कुसुमलता मीणा ने बताया कि प्रतिबंध समय के दौरान अजमेरी गेट, जूनिया गेट, देवगांव गेट व खिड़की गेट से अन्दर की तरफ मोटर साइकिल के अतिरिक्त सभी वाहनों का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा।
उन्होंने बताया कि आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शहर में प्रवेश करने वाले दरवाजों व रास्तों पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया जाएगा। सीटी थाना प्रभारी कुसुमलता मीणा ने कहा कि दीपोत्सव की खरीददारी करने आने वाले लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी तथा चोर उच्चकों पर भी नजर रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिस के जवान तैनात किए गए है, जो लोगों की गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है।
अग्नि सुरक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित
दिवाली पर्व के दौरान आगजनी की आशंकाओं को देखते हुए नगर परिषद केकड़ी ने दमकल वाहनों की त्वरित व्यवस्था और राहत-बचाव कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना की है। नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त विक्रम जोरवाल ने बताया कि यह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे खुला रहेगा। राकेश पारीक को इसका प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिनसे सहायता के लिए 9214976082 पर संपर्क किया जा सकता है। अग्नि दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई हेतु नागरिक आपातकालीन दूरभाष नंबर 01467-220002 पर सूचना दे सकते हैं। इस दौरान तीन शिफ्टों में दमकलकर्मी चिरंजीलाल सेनी, कैलाशचंद्र बुनकर और मनीष कटारिया को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके।