राजस्थान में करोड़पति नेताओं की जमात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्थान में लोकसभा की 25 सीटों पर 11 राजनीतिक परिवार, 42 करोड़पति तथा 4 दागी ताल ठोक रहे हैं। करीब 14 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन पर आपराधिक मामले और इनमें से 5 पर गम्भीर किस्म के आपराधिक मामले दर्ज हैं।
प्रदेश में लोकसभा की 11 सीट ऐसी हैं, जहां पर 13 राजनीतिक परिवार भाग्य आजमा रहे हैं। भाजपा ने जहां झालावाड़, श्रीगंगानगर, चूरू व दौसा सीट पर वंशवाद को आगे बढ़ाने का काम किया है।
वहीं, कांग्रेस ने अजमेर, नागौर, झुंझुनूं, झालावाड़, पाली, दौसा व बांसवाड़ा में राजनीतिक परिवारों को ही टिकट देने का काम किया है। निर्दलीयों में बाड़मेर सीट से जसवंत सिंह, सीकर से सुभाष महरिया के नाम मुख्य हैं।
कई नेताओं की पत्नियां संभाल रहीं मैदान
भाजपा ने झालावाड़ से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंतसिंह को टिकट दिया, वे दुष्यंत दो बार से सांसद हैं। इसी सीट से गहलोत सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे प्रमोद जैन भाया कांग्रेस से मैदान में है।
अजमरे से चुनाव लड़ रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, राजेश पायलट व रमा पायलट के पुत्र है और अजमेर से पहले दौसा से सांसद रहे हैं। भाजपा ने चूरू से सांसद रामसिंह कस्वा के पुत्र राहुल कस्वां को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस से झुंझुनूं सीट पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री शीशराम ओला की पुत्र वधु राजबाला ओला, बांसवाड़ा सीट से गहलोत सरकार में मंत्री रहे महेन्द्रजीतसिंह मालवीया की पत्नी रेशम मालवीया तथा नागौर सीट से एक बार फिर कांग्रेस ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री नाथूराम मिर्धा की पोती सांसद ज्योति मिर्धा को प्रत्याशी बनाया है।
दौसा, सीकर व बाड़मेंर भी नेताओं के बेटे
कांग्रेस ने दौसा से केन्द्रीय मंत्री नमोनारायण मीणा को प्रत्याशी बनाया है। वे वर्तमान में टोंक सवाई माधोपुर से सांसद है। भाजपा उनके खिलाफ उनके भाई पूर्व डीजीपी हरिश्चन्द्र मीणा को उतारा है।
भाजपा ने पूर्व सांसद बेगाराम के पुत्र तीन बार सांसद रह चुके निहालचंद मेघवाल को उतारा है।
निर्दलीय के रूप में बाड़मेर से पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंतसिंह हैं, जिनके पुत्र मानवेन्द्र सिंह सांसद रह चुके हैं व फिलहाल विधायक हैं तथा सीकर से विधायक नंदकिशोर महरिया के भाई सांसद रहे सुभाष महरिया निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा व कांग्रेस से 85 प्रतिशत करोड़पति
राजस्थान में भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवारों में से 42 जने (यानि 85 प्रतिशत से ज्यादा) करोड़पति हैं। दोनों ने 18-18 करोड़पति उम्मीदवार उतारे हैं और दोनों पार्टियों के मिलाकर 17 प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति पांच करोड़ से ज्यादा की है।
निर्वाचन विभाग को पेश किए शपथ-पत्रों के अनुसार भाजपा में सबसे करोड़पति उम्मीदवार टोंक-सवाई माधोपुर के सुखबीर सिंह जोनापुरिया (71.41 करोड़) हैं, जबकि कांग्रेस में जालोर-सिरोही सीट से चुनाव लड़ रहे उदयलाल आंजना (65.8 करोड़) सबसे ज्यादा पैसे वाले हैं।
कांग्रेस के नामी उम्मीदवारों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने 5.39 करोड़, मोहम्मद अजहरूद्दीन ने 9.73 करोड़, राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव सी.पी. जोशी 5.48 करोड़ रुपए से अधिक की सम्पत्ति बताई है। बाड़मेर से चुनाव लड़ रहे जसवंत सिंह के पास 2.50 करोड़ रूपए की संपत्ति है।
भाजपा से जयपुर ग्रामीण सीट से खड़े अलम्पिक पदक विजेता निशानेबाज राज्यवद्र्धन सिंह ने 8.36 करोड़ व दुष्यंत सिंह ने 7 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति की जानकारी दी है।