बूंदी: चार घंटे तक चला पटाखा युद्ध, बाजार बना आतिशबाजी का मैदान; जलते पटाखे फेंकने से कई युवक झुलसे
बूंदी के नैनवां शहर में दीपावली पर पटाखा युद्ध की परंपरा के तहत युवाओं ने करीब चार घंटे तक मुख्य बाजार में आतिशबाजी की। इस दौरान कई युवक झुलस गए। सुरक्षा के लिए पुलिस और दमकल की टीम तैनात रही।
विस्तार
दीपावली के उल्लास के बीच बूंदी जिले के नैनवां शहर में पटाखा युद्ध की अनोखी परंपरा देखने को मिली। शहर के मुख्य बाजार में करीब चार घंटे तक युवाओं के बीच पटाखे चलाने और एक-दूसरे पर जलते हुए पटाखे फेंकने का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान पूरा बाजार तेज धमाकों और धुएं के गुबार से गूंज उठा। पटाखा युद्ध में कई युवक झुलस भी गए, जिन्हें अपने स्तर पर प्राथमिक उपचार करवाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे शहर के मुख्य बाजार में युवाओं ने अलग-अलग स्थानों पर मोर्चाबंदी शुरू कर दी। गढ़ चौक, झंडे की गली, प्याऊ की गली, शीतला गली, मालदेव चौक और दपोला क्षेत्र में युवाओं की टोलियां आमने-सामने हो गईं। इसके बाद सूतली बम, बुलेट बम, गंगा-जमुना और स्काई शॉट जैसे बड़े पटाखों से आतिशबाजी शुरू हुई।
देखते ही देखते आतिशबाजी का यह सिलसिला पटाखा युद्ध में बदल गया। युवाओं ने एक-दूसरे पर जलते हुए पटाखे फेंकने शुरू कर दिए। तेज धमाकों के बीच पूरा बाजार धुएं से भर गया। इस दौरान युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। हालांकि, इस जोखिम भरे खेल में कई युवक झुलस गए। इसके बावजूद पटाखा युद्ध का सिलसिला कई घंटों तक जारी रहा।
पुलिस और दमकल की टीम रही तैनात
पटाखा युद्ध के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए थानाधिकारी हेमराज मीना के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा। पुलिसकर्मी लगातार युवाओं को समझाइश देते रहे। वहीं, एहतियात के तौर पर नगर पालिका की दमकल भी मौके पर मौजूद रही, ताकि आगजनी जैसी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। नैनवां में पटाखा युद्ध की यह परंपरा एक बार फिर चर्चा में रही। हालांकि, मनोरंजन और उत्साह के बीच एक-दूसरे पर जलते हुए पटाखे फेंकने का यह खेल युवाओं के लिए गंभीर खतरा भी बन सकता है।