Accident News: भरतपुर में दो सड़क हादसों में दो कांवड़ियों की मौत, तीन घायल; कांवड़ लेकर लौट रहे थे
भरतपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो कांवड़ियों की मौत हो गई और तीन घायल हुए। डेहरा मोड़ पर डंपर की टक्कर से एक कांवड़िए की मौत हुई, जबकि नगला भहुआ में बस की टक्कर से दूसरे कांवड़िए की मौत हुई।
विस्तार
भरतपुर जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। पहला हादसा डेहरा मोड़ के पास हुआ, जहां डंपर ने कांवड़ियों के जत्थे को टक्कर मार दी। वहीं, दूसरा हादसा नगला भहुआ के पास हुआ, जहां बस की टक्कर से एक कांवड़िए की मौत हो गई। हादसों के बाद संबंधित गांवों में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, करौली जिले के उडदेन गांव निवासी कांवड़ियों का जत्था सोरोंजी से कांवड़ लेकर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में डेहरा मोड़ के आगे एक डंपर ने तीन कांवड़ियों हंसराज, तेजराम और रूपसिंह को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर तीनों को जयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान हंसराज की मौत हो गई।
पढे़ं: बांसवाड़ा तहसील कार्यालय में एसीबी का ट्रैप, वरिष्ठ सहायक समेत तीन रिश्वत लेते गिरफ्तार
वहीं, दूसरे हादसे में हिंडौन क्षेत्र के जयसिंहपुरा गांव निवासी कांवड़ियों का जत्था सोरोंजी के लिए रवाना हुआ था। लखनपुर थाना क्षेत्र में नगला भहुआ के पास एक बस ने कांवड़ियों रामवीर और हीरा को टक्कर मार दी। हादसे में रामवीर की मौत हो गई, जबकि हीरा घायल हो गया।
लखनपुर थाना पुलिस ने रामवीर के शव का जिला आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। घायल हीरा का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों हादसों के बाद संबंधित थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसों के कारणों और दुर्घटना में शामिल वाहनों के बारे में जानकारी जुटा रही है।