राजस्थान न्यूज: बच्चों को लेने पहुंचा दामाद, ससुर से भिड़ा; दरांती से 4-5 वार कर किया लहूलुहान
भरतपुर के बिजवारी गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान 62 वर्षीय अनूप सिंह पर उनके दामाद विश्वेंद्र सिंह ने कथित तौर पर धारदार दरांती से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने अनूप सिंह पर चार से पांच वार किए, जिसमें एक वार सिर पर लगा।
विस्तार
खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र के बिजवारी गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान दामाद ने अपने 62 वर्षीय ससुर पर धारदार दरांती से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने अनूप सिंह पर चार से पांच वार किए, जिनमें एक वार सिर पर भी लगा। गंभीर रूप से घायल अनूप सिंह को पहले भरतपुर के जिला आरबीएम अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी दामाद विश्वेंद्र सिंह को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बेटी और बच्चों को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, बिजवारी गांव निवासी अनूप सिंह की बेटी लक्ष्मी की शादी वर्ष 2015 में कठूमर निवासी विश्वेंद्र सिंह के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विश्वेंद्र अलवर जिले में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। परिवार का यह भी आरोप है कि विश्वेंद्र के किसी शिक्षिका से कथित संबंध हैं और इसी वजह से वह अपनी पत्नी लक्ष्मी के साथ मारपीट करता था। परिजनों के मुताबिक, विवाद के चलते लक्ष्मी और उसकी एक बेटी को अनूप सिंह अपने साथ बिजवारी गांव ले आए थे। वहीं, लक्ष्मी के दो बच्चे विश्वेंद्र के पास रह रहे थे। करीब पांच दिन पहले विश्वेंद्र दोनों बच्चों को भी लक्ष्मी के पास छोड़कर चला गया था।
तीनों बच्चों को साथ ले जाने की बात पर बढ़ा विवाद
रविवार को विश्वेंद्र बिजवारी गांव पहुंचा। यहां उसने तीनों बच्चों को अपने साथ ले जाने की बात कही। इस पर लक्ष्मी ने अपनी बेटी को अपने पास रखने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विश्वेंद्र ने गाली-गलौज शुरू कर दी। ससुर अनूप सिंह ने जब उसे गाली-गलौज करने से मना किया तो विवाद और बढ़ गया।
दरांती से किए चार से पांच वार, सिर पर भी लगी चोट
परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद विश्वेंद्र ने धारदार दरांती से अपने ससुर अनूप सिंह पर हमला कर दिया। आरोपी ने उन पर चार से पांच वार किए। इनमें से एक वार सिर पर लगा। हमले में अनूप सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
बेटे का आरोप- शादी के बाद से बहन को करता था परेशान
अनूप सिंह के बेटे विक्रम सिंह ने बताया कि उनकी बहन लक्ष्मी की शादी वर्ष 2015 में करीब 40 लाख रुपये खर्च कर धूमधाम से की गई थी। विक्रम का आरोप है कि शादी के बाद से ही विश्वेंद्र उनकी बहन को परेशान करता था। रविवार को बच्चों को साथ ले जाने की बात को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान विश्वेंद्र ने उनके पिता पर दरांती से हमला कर दिया।
भरतपुर से जयपुर रेफर, पुलिस जांच में जुटी
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल अनूप सिंह को परिजन भरतपुर के जिला आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं, पुलिस ने आरोपी विश्वेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार की ओर से लगाए गए मारपीट और अन्य आरोपों की भी पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे विवाद को लेकर जानकारी जुटा रही है।