राजस्थान: अरावली पहाड़ियों में आग ने लिया विकराल रूप, सूखी झाड़ियों से उठीं लपटों ने कई किलोमीटर तक मचाई तबाही
अलवर के रामगढ़ क्षेत्र की अरावली पहाड़ियों में सोमवार सुबह लगी आग देर शाम गोहा की पहाड़ी तक पहुंच गई। प्रशासन, वन विभाग, दमकल और ग्रामीण आग बुझाने में जुटे रहे। रात में आग पर काबू पाने के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई।
विस्तार
अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र में फैली अरावली की पहाड़ियों में लगी आग ने देर शाम तक विकराल रूप धारण कर लिया। पहाड़ी पर सूखी झाड़ियों में लगी आग हवा के साथ फैलते हुए सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों से करीब तीन किलोमीटर दूर गोहा की पहाड़ी तक पहुंच गई। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाने के लिए प्रशासन, वन विभाग और दमकल की टीमें कई घंटों तक मशक्कत करती रहीं। देर रात आग बुझाने के लिए एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे सरहेटा की पहाड़ी पर अज्ञात कारणों से सूखी झाड़ियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने भी टहनियों और पानी की मदद से आग बुझाने में सहयोग किया। दिनभर की मशक्कत के बाद सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों के करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में फैली आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तेज हवाओं और सूखी घास के कारण आग आगे फैलती रही।
पढे़ं: क्या आपके शहर में बदलने वाला है मौसम? कब होगी बारिश, कहां बढ़ेगी सर्दी... जानिए आईएमडी का अनुमान
अंधेरा बढ़ने से बढ़ी चुनौती
देर शाम आग गोहा की पहाड़ी तक पहुंचने की सूचना मिलने पर अधिकारियों में फिर हलचल मच गई। मौके पर दो दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। वन विभाग के रेंज अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अंधेरा होने के कारण आग बुझाने में परेशानी आने पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
तहसीलदार आशीष शर्मा ने बताया कि सुबह आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों के सहयोग से सरहेटा और बर्डोद की पहाड़ियों पर आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन देर शाम गोहा की पहाड़ी तक आग फैलने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। एनडीआरएफ की टीम के सहयोग से पहाड़ी के शेष हिस्से में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, रात होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कत आ रही है और पहाड़ी पर आग लगातार फैल रही है।