अजमेर: बंदी आरिफ ने जेल में बनाई सरदार पटेल की नौ फीट ऊंची प्रतिकृति, राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिखी प्रतिभा
अजमेर की उच्च सुरक्षा कारागृह में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। बंदी आरिफ ने नौ फीट ऊंची प्रतिकृति बनाई। बंदियों ने एकता की शपथ ली और देशभक्ति गतिविधियों के साथ नशामुक्ति का संकल्प लिया।
विस्तार
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को अजमेर की उच्च सुरक्षा कारागृह में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस दौरान जेल परिसर में देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बंदियों ने विभिन्न रचनात्मक और देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बंदी आरिफ उर्फ सिकंदर द्वारा तैयार की गई सरदार वल्लभभाई पटेल की नौ फीट ऊंची प्रतिकृति रही। बंदी ने बैनर को आधार बनाकर आकर्षक प्रतिकृति तैयार की, जिसमें उसकी रचनात्मक प्रतिभा की झलक देखने को मिली। इस प्रतिकृति के माध्यम से बंदियों ने लौह पुरुष सरदार पटेल के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कारागृह अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बंदियों को सरदार पटेल की प्रतिमा के समक्ष 'रन फॉर यूनिटी' करवाई गई। इसके बाद सभी बंदियों को देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं, देशभक्ति गीत, कविता पाठ, चित्रकला और नारा लेखन जैसी गतिविधियों में बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पढे़ं: फॉलोअर्स लाखों में, वोट सैकड़ों में, सरपंच चुनाव में तीसरे नंबर पर रहीं इन्फ्लुएंसर पवन की पत्नी
सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल के तहत कार्यक्रम में नशा मुक्ति हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित किया गया। इसमें बंदियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। बंदियों ने स्वेच्छा से हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
अधीक्षक पारस जांगिड़ ने कहा कि कारागृह का उद्देश्य केवल बंदियों को निरुद्ध रखना ही नहीं, बल्कि उनकी छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना और सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। बंदी द्वारा तैयार की गई सरदार पटेल की प्रतिकृति इसका उदाहरण है। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बंदियों में भी रचनात्मकता और सकारात्मक बदलाव की क्षमता विकसित हो सकती है।
उच्च सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की सभी गतिविधियां निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल और निगरानी के बीच आयोजित की गईं। कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया गया।
