पटियाला: जूस के डिब्बे में टेप से लिपटे बंडल में मिले 9 मोबाइल व नशा, नाभा जेल में बरामदगी
नाभा जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट राजविंदर सिंह ने पुलिस के पास शिकायत की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से जेल परिसर के अंदर एक फ्रूट जूस का डिब्बा फेंका गया। दो हवालाती नामजद कर अज्ञात कैदियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में पटियाला के नाभा की नई जिला जेल में व्यापक तलाशी अभियान के दौरान जेल प्रशासन ने बड़ी बरामदगी की है। इसके तहत बड़ी चालाकी के साथ जूस के डिब्बे में टेप से लपेटे बंडल में से कईं मोबाइल फोन, चार्जर व काफी मात्रा में नशे बरामद किए हैं। जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना सदर नाभा पुलिस ने मामले में दो हवालातियों को नामजद किया है। साथ ही कुछ अज्ञात के खिलाफ भी केस दर्ज करके पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
नाभा जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट राजविंदर सिंह ने पुलिस के पास शिकायत की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से जेल परिसर के अंदर एक फ्रूट जूस का डिब्बा फेंका गया। जब इसे डिब्बे को खोला, तो अंदर टेप से लिपटा एक बंडल रखा था। जिसको खोल कर चेक करने पर इसमें से दो मोबाइल फोन समेत बैटरी बरामद किए गए।
इसी तरह से एक गुप्त सूचना के आधार पर जेल की फैक्टरी के पास स्थित खाली एरिया में चेकिंग करने पर वहां से एक टेप से लिपटा बंडल, तीन फ्रूट जूस के डिब्बे व एक बूट का जोड़ा बरामद किया गया। इन सभी चीजों को चेक करने पर इनमें से पांच मोबाइल फोन, तीन मोबाइल चार्जर और 10 जर्दे की पुड़िया बरामद की गईं।
इसी तरह से बैरक नंबर एक की चेकिंग करने पर हवालाती राजिंदर सिंह निवासी चतिहरा समाना के पास से एक मोबाइल फोन समेत बैटरी व सिम बरामद किया गया। वहीं वार्ड नंबर दो की बैरक नंबर आठ की तलाशी करने पर हवालाती अनिल कुमार निवासी बरेली यूपी के तकिये के नीचे से एक मोबाइल समेत बैटरी व सिम बरामद किया गया। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। देखा जा रहा है कि कहीं इसमें किसी जेल मुलाजिम की संलिप्तता तो नहीं है और बाहर से इन मोबाइलों की कौन जेल अंदर सप्लाई कर रहा है।
फिरोजपुर जेल में दो हवालाती मोबाइल संग काबू
फिरोजपुर जेल अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों में औचक दबिश देकर दो हवालातियों को मोबाइल के साथ काबू किया है। तलाशी दौरान बैरक से पांच मोबाइल मिले हैं। थाना सिटी पुलिस ने रविवार को जेल अधिकारियों की शिकायत पर दो बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट गुरतेज सिंह ने अपने मुलाजिमों संग बैरक नंबर-आठ में अचानक निरीक्षण किया। यहां पर बंद हवालाती लखविंदर शर्मा उर्फ लक्की निवासी भागू रोड बठिंडा से एक मोबाइल व एक चार्जर मिला है। इसी तरह जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट निर्मल सिंह ने ब्लाक नंबर-दो की बैरक नंबर-चार में दबिश दी, यहां बंद हवालाती गुरप्रीत सिंह से एक मोबाइल मिला है। बैरक की तलाशी लेने पर तीन मोबाइल लावारिस मिले हैं। उधर, थाना सिटी पुलिस ने बंदियों से मिली सामग्री कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बंदी गुरप्रीत सिंह व लखविंदर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।