डेराबस्सी। बुधवार की रात भांखरपुर और त्रिवेदी कैंप की ओर जाती सड़क पर एक इलेक्ट्रोनिक्स स्टोर के ताले तोड़कर लाखों रुपये की वॉशिंग मशीनें और अन्य सामान चोरी करके ले गए। स्टोर मालिक की शिकायत पर मुबारिकपुर पुलिस ने मौके पर जांच कर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इससे कुछ दिन पहले चोरों ने दो वकीलों के चैंबर में से लैपटॉप और मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे।
चंडीगढ़ डिस्काउंट इलेक्ट्रोनिक्स स्टोर के मालिक अनु जैन ने बताया कि बुधवार की रात वह अपने इलेक्ट्रोनिक्स स्टोर को ताला लगाकर घर चले गए थे। वीरवार की सुबह जब स्टोर पर पहुंचे तो दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ था और अंदर समान बिखरा था। उन्होंने अंदर जाकर चेक किया तो स्टोर में रखी महंगी वॉशिंग मशीनें, एलसीडी, कूलर, फ्रीज और बैटरी के अलावा लाखों रुपये का सामान गायब था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने की कोशिश की तो देखा कि चोर सीसीटीवी रिकार्डिंग वाली डीवीआर भी चोरी करके साथ ले गए थे। स्टोर मालिक ने बताया कि जो भारी समान चोरी हुआ है उससे साफ है कि चोरों की संख्या एक से ज्यादा थी और वह किसी ट्रक जैसे बड़े वाहन में सामान ले गए हैं। अनु जैन की शिकायत पर मामले में जांच के बाद मुबारिकपुर पुलिस चौकी इंचार्ज अर्शदीप शर्मा ने कहा कि मामला दज्र कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।