मोहाली। एंटी नारकोटिक्स कम स्पेशल ऑपरेशन सेल ने चोर गिरोह के तीन शातिरों को काबू किया है। उनसे पुलिस ने पिस्टल और कारतूस, लैपटॉप समेत काफी सामान बरामद किया है। तीनों शातिर ऑटो में सवार होकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने जाते थे। इनकी पहचान राकेश उर्फ जोनी, अजय सिंह और बंटी निवासी अंब साहिब कॉलोनी के रूप में हुई है, जबकि इनका चौथा साथी विजेंद्र अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। रूपनगर रेंज के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों पर पहले भी केस दर्ज हैं।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में बंद पड़े घरों, फैक्टरियों को निशाना बनाते हैं। साथ ही चोरी के सामान को आगे बेच देते हैं। आरोपी चोरी की वारदातों को मोहाली नंबर के ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल करते हैं। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई थी। साथ ही पुलिस ने ट्रैप लगाकर आरोपियों को फेज-7 में वारदात को अंजाम देने से पहले दबोच लिया। साथ ही उनके खिलाफ मटौर थाने में केस दर्ज किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस प्वाइंट 32 बोर की एक पिस्टल और सात कारतूस बरामद किए हैं। इस पिस्टल के चोरी होने संबंधी केस सोहाना थाने में 14 अक्तूबर को दर्ज हुआ था। इसके अलावा दो लैपटॉप, एक ग्राम कटर मशीन, सेनेटरी का सामान, दो एलईडी, दो मोबाइल फोन, एक बेस स्पीकर, दो स्पीकर और एक बूफर बरामद हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से एक बंटी पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी और स्नैचिंग के मामले थाना फेज-8 और 11 में दर्ज हैं। राकेश उर्फ जोनी और अजय सिंह पर पहले कोई मामला दर्ज नहीं था।