मोहाली। जिले के सफाई कर्मचारियों के वेतन का मुद्दा वीरवार को जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में हुई समीक्षा बैठक में उठा। इस बैठक की अध्यक्षता पंजाब राज सफाई कर्मचारी कमीशन के सदस्य इंदरजीत सिंह ने की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों सहित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की।
वीरवार को जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में एक समीक्षा बैठक पंजाब राज सफाई कर्मचारी कमीशन के सदस्य इंदरजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई। जिसमें जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी रविंदरपाल सिंह संधू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे। इस समीक्षा बैठक में इंदरजीत सिंह ने जिले के सफाई कर्मचारियों के वेतन का मुद्दा उठाया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की ओर से तय उचित वेतन सफाई कर्मचारियों को दिया जाना निश्चित करें। इस बैठक में जिले के थानों और पुलिस विभाग में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने जिले के उद्योगों, अस्पतालों और बस अड्डों में सफाई कर्मियों के वेतन और अन्य शर्तों की भी समीक्षा की। सफाई कर्मचारी कमीशन के सदस्य ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने गांवों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट चालू करने और इसे लेकर जागरूकता पैदा करने के लिए भी कहा। उन्होंने गांवों में काम कर रहे कर्मचारियों के वेतन सहित सभी विवरणों का रिकॉर्ड रखने की हिदायत भी दी।