मोहाली। आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम जीत सिंह मजीठिया की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, लेकिन इस बार भी अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब इस याचिका पर सुनवाई 4 अगस्त को होगी। इससे पहले भी तीन बार अदालत इस याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख चुकी है। वहीं, शनिवार को मजीठिया की बैरक बदलने की याचिका पर भी सुनवाई होनी है इस मामले में मजीठिया को शनिवार वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश किया जाएगा। मजीठिया की जमानत याचिका पर शुक्रवार बाद दोपहर ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के वकीलों में बहस हुई और उन्होंने अदालत में अपने-अपने तर्क रखे। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रखते हुए मामले की अगली सुनवाई 4 अगस्त निर्धारित की है। अकाली नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया के वकील अर्षदीप कलेर का कहना है कि पंजाब सरकार मामले को लटकाने में जुटी हुई है। शिरोमणि अकाली दल के कानूनी सलाहकार एडवोकेट अर्षदीप सिंह ने कहा कि उन्होंने केस की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए याचिका दायर की है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने दावों को साबित नहीं कर पा रही है। गौरतलब है कि बिक्रमजीत सिंह मजीठिया को विजिलेंस की टीम ने आय से अधिक संपत्ति मामले में उनके घर अमृतसर से गिरफ्तार किया था। इस समय बिक्रमजीत सिंह मजीठिया नाभा जेल में बंद हैं।