मोहाली। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर-2026) में मोहाली जिले में 18 और 19 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा एकत्र किए जा रहे एन्यूमरेशन फॉर्मों का संग्रह और डिजिटाइजेशन कार्य को तेजी से पूरा करना है। इस दौरान मतदाता अपने फॉर्म जमा करा सकेंगे।
यदि फॉर्म में कोई त्रुटि या कमी है, तो उसका मौके पर ही समाधान कराया जा सकेगा। जिन क्षेत्रों में बीएलओ ने 100 फीसदी एन्यूमरेशन का कार्य पूरा कर लिया है, वहां राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठक होगी। इन बैठकों में दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। वहीं, जिन क्षेत्रों में फॉर्म संग्रहण का कार्य अभी अधूरा है, वहां पात्र मतदाताओं से फॉर्म प्राप्त कर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है। उन्होंने कहा कि वे अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कराएं। आवश्यक संशोधन भी करवाएं, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित बन सके। साथ ही, बीएलओ को भी निर्देश दिए गए हैं। उन्हें समय पर मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की हर संभव सहायता करनी होगी।