Jalandhar: सैर कर लौट रहे आम आदमी पार्टी के नेता से लूट, रिवाल्वर दिखाकर बुलेट बाइक छीनी
आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व पार्षद हंसराज राणा शुक्रवार सुबह लगभग 8:15 बजे बल्टर्न पार्क से सैर करके वापस अपने घर संतोखपुरा की तरफ जा रहे थे। बीएसएफ कॉलोनी के गेट के पास तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जालंधर में सैर कर घर लौट रहे पूर्व पार्षद एवं आप नेता से लुटेरों ने बुलेट मोटरसाइकिल छीन ली और रिवाल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी। आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व पार्षद हंसराज राणा सुबह लगभग 8:15 बजे बल्टर्न पार्क से सैर करके अपने घर संतोखपुरा की तरफ जा रहे थे। तभी बीएसएफ कॉलोनी के गेट के पास तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया।
हंसराज राणा ने बताया कि बदमाशों ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो एक युवक उन्हें धमकाने लगा। पूर्व पार्षद का आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने रिवाल्वर निकाल ली और धमकाते हुए बुलेट मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि घटना संबंधी सूचना थाना नंबर 2 में दी दी है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 2 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
हंसराज राणा ने बताया कि बुलेट मोटरसाइकिल उनके मोहल्ले में रह रहे युवक पाली की है। पाली ने कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल उनके घर खड़ा किया था। दो दिन पहले दो लोग मोटरसाइकिल लेने घर आए थे, जिन्हें पाली से बात करने को कहा था और फोन करवाने पर मोटरसाइकिल लौटाने की बात कही थी।
हंसराज राणा अकाली दल, बसपा में भी रह चुके हैं। वह आदमपुर सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़े थे। बता दें कि वीरवार देर रात 11:30 बजे के करीब रामा मंडी में सैर कर रहे आम आदमी पार्टी के नेता से भी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने गाली गलौज की थी और हवाई फायर कर वहां से भाग गए थे।
पूर्व फौजी ने कहा- मेरे जमाई ने पाली को दी थी बुलेट
मामला पुलिस के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल के कागज लेकर मक्खन सिंह और उसका जमाई महिंदर सिंह थाने पहुंचे। मक्खन सिंह ने कहा कि वह रिटायर्ड फौजी है और बुलेट उसने कैंटीन से निकलवाई थी। कुछ महीने पहले जमाई महिंदर ने एक महीने के लिए चलाने को मांगी थी लेकिन पैसे के लेनदेन को लेकर पाली मोटरसाइकिल ले गया। उसके जमाई महिंदर को पाली के 30 से 40 हजार रुपये देने थे।
उसने पैसे चुका दिए और जब मोटरसाइकिल मांगा तो उसने कहा कि हंस राज राणा के पास है। जब वह दो दिन पहले हंस राज राणा के घर गए तो उन्होंने बाद में देने की बात कहकर भेज दिया और बीते दिन फोन कर कहा कि सुबह बर्ल्टन पार्क आकर मोटरसाइकिल ले जाना। वह बर्ल्टन पार्क पहुंचे और मोटरसाइकिल लेकर वहां से चले गए।
बाद में पता चला कि उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है, जिससे वह खुद थाने पहुंच गए। पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है। थाना दो के प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की लिखित शिकायतों मिल चुकी हैं उनकी टीम मामले की जांच कर रही है।