मनी एक्सचेंजर की दुकान में लूट का प्रयास
मोगा। कस्बा अजीतवाल में एक मनी एक्सचेंजर की दुकान में लूटपाट का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने तीन लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी थानेदार मंजीत सिंह का कहना है कि शिकायतकर्ता रजनी चावला वासी अजीतवाल ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा है कि कस्बा अजीतवाल में उनकी चावला इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है, जिसमें वह मनी एक्सचेंज का भी काम करते हैं। महिला के अनुसार वीरवार शाम को वह दुकान पर मौजूद थे तो तीन लोग आए और उसे पिस्तौल दिखाकर पैसे की मांग करने लगे। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने फायर कर दिया, जो दुकान में शीशे पर लगा। इस दौरान शोर मचने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए, वहीं दुकान के बाहर वह अपना बिना नंबर की पल्सर बाइक भी छोड़ गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी का कहना है कि केस दर्ज कर पता लगाया जा रहा है कि बाइक किसके नाम पर है। सीसीटीवी में घटना तो कैद हुई है, लेकिन आरोपियों के चेहरे साफ नही आए हैं।