{"_id":"68133027c3ce9549ab04588c","slug":"aap-minister-dr-ravjot-singh-took-stock-of-cleanliness-system-in-jalandhar-2025-05-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"सफाई व्यवस्था देख मंत्री हैरान: जालंधर की सड़कों पर उतरे मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, अधिकारियों से किए सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सफाई व्यवस्था देख मंत्री हैरान: जालंधर की सड़कों पर उतरे मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, अधिकारियों से किए सवाल
Thu, 01 May 2025 01:56 PM IST
अंकेश ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी, जालंधर (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, जालंधर (पंजाब)
Published by: अंकेश ठाकुर
Updated Thu, 01 May 2025 01:56 PM IST
सार
जालंधर की सफाई व्यवस्था जानने के लिए स्थानीय निकाय मंत्री सड़कों पर उतरे। गंदगी देख उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए। उनके साथ नगर निगम कमिश्नर और मेयर भी थे।
विज्ञापन
सफाई प्रबंध की जानकारी लेते कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह।
- फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने वीरवार सुबह जालंधर की सड़कों पर उतरे और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक दौरा करते हुए उन्होंने सफाई प्रबंधों को जाना। बदहाल सफाई व्यवस्था देख मंत्री हैरान रह गए। उनके साथ डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर गौतम जैन और मेयर विनीत धीर भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
जमीनी स्तर पर सफाई प्रबंधों की स्थिति जानने के लिए कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों की टीम के साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, गड़ा रोड, पिम्स रोड और दमोरिया पुल सहित शहर के विभिन्न स्थानों का दौरा किया और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विज्ञापन
स्थानीय निकाय मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को रोजाना कचरे की लिफ्टिंग सही ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में कोई देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अधिक मात्रा में कूड़ा एकत्र होता है, वहां से प्रतिदिन सुबह व शाम कूड़े की लिफ्टिंग सुनिश्चित की जाए।
विज्ञापन
स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के शहरों को साफ-सुथरा रखने के साथ-साथ उनकी नुहार बदलने के लिए वचनबद्ध है। आने वाले दिनों में प्रदेश के शहरों में भी इस तरह के औचक दौरे किए जाएंगे ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
मंत्री ने लोगों से शहरों को साफ-सुथरा रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घर का कचरा सड़कों पर न फेंके, बल्कि उसे निर्धारित स्थानों पर ही डालें। विभाग लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर है और सफाई से संबंधित किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा।
उन्होंने एक मई को मनाए जा रहे मजदूर दिवस की बधाई दी और कहा कि पंजाब सरकार मजदूर वर्ग के लोगों को किसी भी सुविधा की कमी नहीं आने देगी। मजदूर समाज का अहम हिस्सा है, इसलिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार उनके साथ खड़ी है।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने नगर निगम जालंधर में डिप्टी कमिश्नर, कमिश्नर नगर निगम, मेयर और निगम के अन्य अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें शहर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, लोगों को पानी, सड़कें, स्ट्रीट लाइटें और अन्य बुनियादी सुविधाएं उचित ढंग से उपलब्ध करवाने पर विस्तृत चर्चा की गई।