आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
अखिलेश यादव बोले- किसानों को बर्बाद कर देंगे ये कृषि कानून, उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही भाजपा सरकार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को मेरठ पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में मजदूर और किसानों के बेटे शहीद हुए हैं। उन्होंने कहा शहीद धन सिंह कोतवाल को कोई नहीं भूल सकता है। उन्होंने कहा अगर क्रांतिकारियों ने अपने जीवन की बाजी नहीं लगाई होती तो आज हम आजाद नहीं हो पाते। अखिलेश ने 23 मार्च को एतिहासिक दिन बताया है। अखिलेश ने कहा ये तीनों कृषि कानून देश के किसानों को बर्बाद कर देंगे। उन्होंने कहा पंजाब के किसानों के आंदोलन की वजह से उत्तर प्रदेश के किसान जागरुक हुए हैं।
यूपी : पंचायत चुनाव से दूर रखे जाएंगे अपराधी, आईजी ने छह महीने के वांछितों की मांगी रिपोर्ट
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस एवं प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। अपराधियों को चुनाव से दूर रखने के लिए पुलिस ने उनकी पड़ताल का अभियान तेज कर दिया है। छह माह के 518 वांछित अपराधियों की रिपोर्ट आईजी ने मांगी है।
बागपत : हिस्ट्रीशीटर अनुज बरखा की 60 लाख की संपत्ति कुर्क, पुलिस टीम से उलझीं परिवार की महिलाएं, हुई नोकझोंक
बागपत के बड़ौत में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को वाजिदपुर गांव में हिस्ट्रीशीटर बदमाश अनुज बरखा की 60 लाख की संपत्ति कुर्क की। कुर्क की गई संपत्ति में तीन मकान और अन्य सामान शामिल है। कार्रवाई के दौरान उसके परिवार की महिलाओं की पुलिस टीम के साथ नोकझोंक भी हुई।
मेरठ : किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश, टेंपो चालक और उसके चार साथियों पर आरोप
मेरठ लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी किशोरी का अपहरण कर टेंपो चालक ने चार साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की। किसी तरह किशोरी जान बचाकर घर पहुंची और परिजनों को बताया। बाद में परिजन पुलिस से कार्रवाई की गुहार करते रहे लेकिन पुलिस समझौते का प्रयास करती रही। काफी दबाव के बाद किशोरी का मेडिकल कराया गया और जांच शुरू की गई।
मुजफ्फरनगर : मामूली विवाद में पिता ने हथौड़े से की बेटे की हत्या, मां ने अगले दिन पुलिस को बताई सच्चाई
उत्तर प्रदेश मुजफ्फरनगर में शहर कोतवाली क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद उपजे आवेश के चलते पिता के हाथों बेटे की जान चली गई। कमरे में रखा हथौड़ा उठाकर पिता ने बेटे के सिर में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मेरठ ले जाते समय मौत हो गई, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मां की तहरीर पर गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने पिता को हिरासत में ले लिया है।
डॉ. अतुल कृष्ण और शेयर धारकों को पुलिस की क्लीन चिट
मेरठ में चर्चित आनंद अस्पताल के मालिक की आत्महत्या के मामले में नामजद सुभारती ग्रुप ट्रस्टी व शेयर धारकों को पुलिस ने क्लीनचिट दे दी। मुकदमे में एफआर लगने पर हरिओम की बेटी ने एडीजी से शिकायत की है। अब एसपी हापुड़ को जांच सौंपी गई है।
बिना ट्रेड लाइसेंस कैंट में नहीं कर सकेंगे कारोबार, अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त
मेरठ के कैंट क्षेत्र में बिना ट्रेड लाइसेंस लिए अब कोई कारोबार नहीं हो सकेेगा। रक्षा मंत्रालय द्वारा देश की सभी छावनियों में ट्रेड लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया है। वहीं समिति की रिपोर्ट पर लाइसेंस फीस 10 से 20 गुना तक कम करके लोगों को राहत दी गई है। पांच बंगलों में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। कैंट में 148 लाल क्वार्टर में अवैध रूप से रहने वाले लोगों को बाहर किया जाएगा। मंगलवार को कैंट बोर्ड की बैठक में इन निर्णयों पर मुहर लगा दी गई है।
पांच शहरों के लिए उड़ान भरेंगे मेरठवासी
मेरठ में रंगों के त्योहार से पहले मेरठवासियों को एक सुखद खबर मिल गई। अगर सब कुछ ठीक रहा तो दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड द्वारा मेरठ में आधुनिक एयरपोर्ट के विकास, संचालन और रखरखाव की सहमति के बाद यहां के लोग पांच शहरों के लिए सीधी उड़ान भर सकेंगे। इसमें लखनऊ, बरेली, आगरा, प्रयागराज और कानपुर शामिल किए गए हैं। इन सभी शहरों की उड़ान के लिए बोली मांगी गई है। मंगलवार को केंद्र सरकार के सचिव यूके भारद्वाज ने प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर मेरठ एयरपोर्ट के विकास के बारे में जानकारियां दी हैं।
... Read More