आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
सैनिक समेत कोरोना के 19 नए मरीज मिले
मेरठ में 3795 सैंपलों की जांच में रविवार को 19 मरीज मिले हैं। इनमें छह मरीज मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में भी मिले हैं। परेशानी की बात यह भी है कि सभी नए केस हैं, कोई भी संपर्क वाला नहीं है। इनमें स्टूडेंट्स, कारोबारी, सैनिक, नौकरीपेशा, घरेलू महिला और मजदूर, जसवंत मिल्स इंटर कॉलेज के शिक्षक शामिल हैं। ये मरीज सदर, बेगमबाग, शास्त्रीनगर, राजेंद्रनगर, कृष्णानगर रुड़की रोड, नूरनगर, होली मोहल्ला आदि के रहने वाले हैं। कोरोना के अब तक 21512 मरीज मिल चुके हैं। 409 लोगों की मौत हो चुकी है। 21008 लोगों की छुट्टी हो चुकी है। 48 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
इंतजाम धड़ाम, फिर दिनभर लगा जाम
मेरठ में रैपिड रेल प्रोजेक्ट के मद्देनजर बेगमपुल से जीरो माइल्स तक एक ओर का रास्ता बंद कर दूसरे रास्ते पर दोनों ओर वाहन चलाने की तरकीब काम नहीं आई। शनिवार रात किए गए इंतजाम रविवार को पहले दिन ही धड़ाम हो गए। जाम इस कदर लगा कि वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीर भी परेशान रहे। सुबह दस बजे बेगमपुल से जीरो माइल्स मार्ग पर जाम में फंसे वाहन चालक धीरे-धीरे अपने वाहन बढ़ा पा रहे थे। दो मिनट का रास्ता पूरा करने में 20 मिनट लग गए। इस दौरान 600 से 700 मीटर तक वाहनों की कतार लग गईं। जाम से निजात के लिए मार्शल टीमों के साथ ही यातायात पुलिस भी लगाई गई थी लेकिन सभी नाकाम रहे।
अखिलेश यादव की जनसभा कल
सपा मुखिया अखिलेश यादव मंगलवार को मेरठ के मवाना में जनसभा करेंगे। भीड़ जुटाने के लिए सपा कार्यकर्ता गांव-गांव में जनसंपर्क कर रहे हैं। जनसभा मवाना के नवजीवन किसान डिग्री कॉलेज में होगी। यहां वह शहीद धन सिंह की कोतवाल की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। कॉलेज के परिसर में अखिलेश का हेलीकॉप्टर उतरेगा। पिछले दिनों अखिलेश यादव का यहां आने का कार्यक्रम रद्द होने की भी बातें शुरू हो गई थीं, लेकिन फिर से उनका कार्यक्रम बन गया। इससे पहले पिछले साल भी 23 मार्च को उनका मेरठ आने का कार्यक्रम था, मगर तब कोरोना की वजह से रद्द हो गया था।
काली नदी में बहाया जा रहा छह करोड़ लीटर शोधित पानी
विश्व जल दिवस पर सरकारी विभाग जल दोहन रोकने और शुद्ध पेयजल लोगों तक पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते रहे हैं। वहीं, सरकारी विभाग ही जल संरक्षण में लापरवाही बरत रहे हैं। शहरी विकास मंत्रलाय द्वारा सीवेज के शोधित पानी के दोबारा उपयोग में लाने के निर्देश के बाद भी नगर निगम ध्यान नहीं दे रहा है। कमालपुर में बने 72 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से रोजाना 60 एमएलडी (छह करोड़ लीटर) शोधित पानी काली नदी में बहाया जा रहा है जबकि शहर के डिवाइडरों पर लगे पौधों की सिंचाई, धुलाई और धूल पर छिड़काव के लिए इस पानी का प्रयोग किया जा सकता है। फिलहाल इन कार्यों के लिए करीब 20 हजार लीटर पानी अलग से खर्च किया जा रहा है।
सूरजकुंड रोड को बनाया जाएगा स्ट्रीट फूड हब
मेरठ में सूरजकुंड रोड पर स्ट्रीट मार्केट को स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित करने के लिए चिह्नित किया गया है। एफएसएसएआई द्वारा चलाए गए कार्यक्रम इट राइट इंडिया के अंतर्गत रविवार को ट्रेनर डॉक्टर पशुपति ने स्ट्रीट फूड वेंडर सूरजकुंड के व्यापारियों को सूरज कुंड पार्क में स्वछता (हाइजीन) के विषय में ट्रेनिंग दी।
माधवपुरम में ताबड़तोड़ फायरिंग
मेरठ के माधवपुरम में फिर से सरेराह फायरिंग कर दहशत फैलाने वाली वारदात हो गई। रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे कार में सवार युवकों ने ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की। गनीमत रही कि पूर्व पार्षद तरुण गोयल गोली लगने से बच गई। कुछ लोगों ने घेराबंदी का प्रयास किया तो आरोपी कार छोड़कर भाग निकले। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम में दो सप्ताह में यह दूसरी घटना है।
बिहार में भाजपा विधायक के यहां पहुंची मेरठ काॅलेज की छात्रा
मेरठ में मेरठ कॉलेज से लापता छात्रा बिहार में एक भाजपा विधायक के संरक्षण में पहुंच गई है। छात्रा ने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई है। इस बारे में छात्रा की बात फोन पर मेरठ पुलिस से बातचीत भी हुई है। इसके बाद मेरठ पुलिस छात्रा के बयान लेने के लिए बिहार रवाना हो गई है। परीक्षितगढ़ की रहने वाली एक छात्रा मेरठ कॉलेज से तीन दिन पहले लापता हो गई थी। पीड़ित परिवार ने अपहरण होने की आशंका जताते हुए केस दर्ज कराया था। सीसीटीवी कैमरे में छात्रा खुद अपनी इच्छा के अनुसार एक युवक के साथ जाते हुए नजर आई थी। पुलिस टीमों की छानबीन में पता चला कि छात्रा बिहार पहुंच गई है।
दिन-रात का पारा हो रहा कम, फिर बदलेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से एक बार फिर मौसम बदलेगा। कुछ दिन तक तापमान काफी अधिक रहने के बाद अब दिन और रात का पारा गिरा है। संभावना जताई जा रही है कि 24 से 48 घंटे में बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार को दिन में धूप का असर तेज था, लेकिन दिन में तेज हवा से तापमान गिर गया। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस व रात का न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 22 मार्च की मध्यरात्रि से मौसम बिगड़ सकता है और 23 मार्च को भी कहीं पर बूदांबांदी हो सकती है।
... Read More