आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
पुलिस भर्ती में धांधली, जांच बैठाई
पुलिस भर्ती में धांधलेबाजी की शिकायत एसएसपी ऑफिस में की गई। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ डॉक्टर ने आरोप लगाया कि पुलिस भर्ती में गड़बड़ी की जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी ट्रैफिक को प्रकरण की जांच सौंपी गई हैं। मेरठ पुलिस लाइन में वर्ष 2018 बेंच की पुलिस भर्ती के सिपाहियों का री-मेडिकल चल रहा है। जिसमें मेडिकल कॉलेज की ओर से बोर्ड का गठन किया गया है। बुधवार को वरिष्ठ डॉक्टर ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया है कि पुलिस भर्ती में धांधलेबाजी चल रही है। डॉक्टर का कहना कि मिलीभगत कर अभ्यर्थियों के मेडिकल परीक्षण कराए जा रहे हैं। डॉक्टर ने बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से भी कर दी है।
वाहन कमेले पर कसा जाए शिकंजा
मेरठ में सोतीगंज के वाहन कमेले का मुद्दा चौथी बार संसद में गूंजा। भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने वाहन चोरों पर शिकंजा कसने के लिए राज्य स्तर पर पुलिस में स्पेशल टीम के गठन की मांग की। मेरठ के सोतीगंज में चोरी-लूट के वाहन काटे जाते हैं। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, गुजरात व यूपी के जिले में होने वाले वाहन चोर का कनेक्शन सोतीगंज से जुड़ जाता है। कबाड़ियों से पुलिसकर्मियों की दोस्ती भी किसी से छिपी नहीं है। सांसद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी दो बार चिट्ठी लिखकर वाहन कमेले को बंद कराने की मांग कर चुके हैं।
विरोध के बीच लॉयल बुक डिपो किया सील
विरोध के बीच बुधवार को बैंक और पुलिस की टीम ने लॉयल बुक डिपो पर सील लगा दी। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। सोतीगंज निवासी कुसुमलता पत्नी स्व. राकेश लाल की छिपी टैंक पर लॉयल बुक डिपो के नाम से दुकान है। बुधवार दोपहर इलाहाबाद बैंक (इंडियन बैंक) एमडीए परिसर की महिला अफसर और पुलिस की टीम मौके पर पहंची। जैसे ही अफसरों ने कुसुमलता व उनके बेटे हिमांशु को सीलिंग की जानकारी दी, उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस ने मां-बेटे व अन्य कर्मचारियों को दुकान से खदेड़ दिया। कुसुमलता ने पुलिस पर जबरन कब्जा कराने का आरोप लगाया।
जरूरतमंदों से ‘आयुष्मान’ दूर... खामियां भी भरपूर
ऐसे लोग बड़ी संख्या में हैं जो पात्र होते हुए भी आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थी नहीं हैं। इस योजना के लाभार्थियों से लेकर इसके क्रियान्वयन तक में तमाम खामियां हैं। संसद तक में यह मुद्दा गूंज चुका है, पर सुधार नहीं हुआ है। मेरठ में खरखौदा के लोगों ने शिकायत की है। सामाजिक कार्यकर्ता परशुराम शर्मा का कहना है कि खरखौदा के गांव बमनपुरा मजरा अतराड़ा की आबादी करीब 1400 है। यहां की लगभग 85 प्रतिशत आबादी इस श्रेणी में आती है, लेकिन यहां के लोगों को योजना में शामिल नहीं किया गया है। यह तो बानगी भर है। ऐसे गांव और तमाम लोग हैं जो इस योजना के पात्र हैं, लेकिन वह इसमें शामिल नहीं हैं।
कोरोना की दूसरी लहर की आशंका
मेरठ में कोरोना के मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। ऐसे में कोरोना की लहर एक बार फिर आने का अंदेशा जताया जा रहा है। इसके अलावा कई प्रदेशों में कोरोना के मरीजों की संख्या में इजाफा भी हुआ है। इसलिए सतर्कता बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञ चिकित्सकों का भी कहना है कि महामारी एकदम से खत्म नहीं होती है, इस तरह लापरवाही रही तो मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। मार्च में 16 मार्च तक कोरोना के 74 मरीज मिले हैं।
23 मार्च को हस्तिनापुर आएंगे अखिलेश यादव
मेरठ। 23 मार्च को हस्तिनापुर में होने वाले शहीद धन सिंह कोतवाल के प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आएंगे। यह तय हो गया है। अतुल प्रधान के बाद सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने भी बुधवार को इसकी पुष्टि की। हालांकि इससे एक बार फिर सपा नेताओं की गुटबाजी सामने आई है। मंगलवार को उस समय कार्यकर्ताओं में खलबली मच गई थी, जब जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने कहा था कि सपा मुखिया का हस्तिनापुर आने का कार्यक्रम रद्द हो गया है। अतुल प्रधान का दावा था कि पूर्व मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में आएंगे। अब सपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि कार्यक्रम दोबारा बना है। अतुल प्रधान और पूर्व विधायक योगेश वर्मा लखनऊ गए हैं, वहां ये पूर्व सीएम से मिले। अतुल ने कहा कुछ लोगों को यह कार्यक्रम पच नहीं रहा है। ऐसे लोग ही विरोध कर रहे हैं। वहीं प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में योगेश वर्मा को प्रभारी बनाने से गुर्जर समाज के कुछ लोग विरोध कर रहे हैं।
नौचंदी ग्राउंड में देर रात मुठभेड़ तीन बदमाशों के पैर में लगी गोली
मेरठ। सरेराह मेडिकल स्टोर संचालक से लूटपाट करने वाले तीनों बदमाशों से नौचंदी पुलिस की देर रात मुठभेड़ हो गई। नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर सेक्टर-3 निवासी मेडिकल स्टोर संचालक अनिल मेगानी और उनके नौकर के साथ मंगलवार रात करीब 11 बजकर 45 बजे हापुड़ रोड स्थित पटेल मंडप के पास बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट की थी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। बुधवार को सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
परतापुर में दवा फैक्टरी पर छापा
पंजाब पुलिस ने परतापुर में एक दवा बनाने की फैक्टरी पर छापा मारकर लाखों रुपये कीमत की दवाएं कब्जे में ली हैं। यह दर्द निवारक दवा है, जो पंजाब में प्रतिबंधित हैं। पुलिस ने तीन लोग हिरासत में ले लिए है। देर रात तक नारकोटिक्स विभाग की टीम और ड्रग्स इंस्पेक्टर पवन शाक्य जांच कर रहे हैं। ड्रग्स की टीम ने भी यहां से 10 दवाओं के सैंपल लिए हैं, जिनमें कुछ नारकोटिक्स की दवा है और कुछ जनरल दवाएं हैं। इन्हें जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
ऋषभ एकेडमी की प्रिंसिपल गिरफ्तार
मेरठ में ऋषभ एकेडमी में गोपनीय दस्तावेज जलाने के मामले में नामजद प्रिंसिपल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसको लेकर खूब हंगामा हुआ। अदालत ने आरोपी की जमानत अर्जी खारिज कर दिया। पुलिस पर आरोप लगाए गए हैं। सदर बाजार क्षेत्र के कैंट स्थित ऋषभ एकेडमी में करोड़ों रुपये के घोटाले का मामला फिर चर्चा में हैं। स्कूल के चेयरमैन रंजीत जैन और संजय जैन के बीच विवाद है। करोड़ों रुपये के घोटाले के दस्तावेज जलाने के मामले में सदर बाजार थाने में स्कूल की प्रिंसिपल याचना भारद्वाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचक ने कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट लिया। बुधवार को सदर पुलिस ने प्रिंसिपल याचना भारद्वाज को कैंट स्थित दीवान स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
बाइक बोट घोटाला: दो लग्जरी गाड़ी बरामद
मेरठ में ईओडब्ल्यू ने बाइक बोट घोटाले के आरोपी बीएन तिवारी की निशानदेही पर लखनऊ से एक फॉर्च्यूनर और एक मर्सिडीज गाड़ी बरामद की है। तिवारी बाइक बोट कंपनी के डायरेक्टर थे, उसके दोनों बेटे भी कंपनी से जुड़े हुए थे। मुख्य आरोपी संजय भाटी की पत्नी दीप्ति और कंपनी के प्रमोटर भूदेव सिंह के घर की कुर्की हो चुकी है।
एएसपी ईओडब्ल्यू राम सुरेश यादव ने बताया कि 25 फरवरी को बाइक बोट घोटाले के डायरेक्टर विवेक खंड गोमतीनगर लखनऊ निवासी बीएन तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। नौ मार्च को आरोपी को ईओडब्ल्यू ने रिमांड पर लेकर जानकारियां जुटाई। आरोपी की निशानदेही पर चार दिन पहले एक जगुआर, एक फॉर्च्यूनर लखनऊ से और नोएडा के चीती गांव से एनर्जी प्लांट की मशीन बरामद की गई थी। मंगलवार रात में ईओडब्ल्यू ने तिवारी की निशानदेही पर लखनऊ से फॉर्च्यूनर और मर्सिडीज बरामद कर ली है। एएसपी ने बताया कि बाइक बोट के मामले में कार्रवाई चल रही है। तिवारी के दोनों बेटों की भी पुलिस को तलाश है।
बेचैन दावेदारों को मिली राहत
वर्ष-2015 को आधार मानकर हुई आरक्षण प्रक्रिया में मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित ही रखा गया है। शासन ने यूपी में 27 जिला पंचायत अध्यक्षों को अनारक्षित श्रेणी में रखा है। इससे पहले जारी की गई आरक्षण सूची में भी मेरठ केे अनारक्षित रखा गया था। इससे बैचेन हो रहे दावेदारों को राहत मिली है। वहीं, बदलाव न होने के कारण दावेदार अब जल्द ही चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में जुट गए हैं। शासन ने जिला स्तर के लिए भी ग्राम प्रधान के आरक्षण के नियमों को बता दिया गया है। वहीं, क्षेत्र पंचायत प्रमुख के पदों का आरक्षण भी जिलेवार शासन स्तर से लागू कर दिया गया है। इसमें भी मेरठ के 12 ब्लॉकों में अनुसूचित जाति स्त्री के एक, अनुसूचित जाति के एक, पिछड़ा वर्ग स्त्री के एक, पिछड़ा वर्ग के दो, महिला के लिए दो पद आरक्षित होंगे।
... Read More