आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
गीतकार राजेंद्र राजन समेत कोरोना से 11 की मौत, 1140 संक्रमित
पश्चिमी यूपी में कोरोना भयावह रूप धारण करता जा रहा है। गुरुवार को 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1140 नए संक्रमित मिले हैं। मेरठ मेडिकल कॉलेज में कोरोना से सात लोगों ने दम तोड़ दिया। मुजफ्फरनगर दो महिलाओं सहित तीन की मौत हो गई। सहारनपुर के सुप्रसिद्ध गीतकार राजेंद्र राजन को भी कोरोना ने छीन लिया। मेरठ में 500, बिजनौर में 182, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार सहित मुजफ्फरनगर में 176, सहारनपुर में 158, शामली में 77 और बागपत में 47 नए संक्रमित मिले हैं।
यूपी-हरियाणा सीमा विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, जमकर पथराव, फायरिंग में एक किसान की मौत
उत्तर प्रदेश और हरियाणा सीमा विवाद को लेकर नंगला बहलोलपुर के जंगल में किसानों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें एक किसान की मौत हो गई। उधर, घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हरियाणा के खुरमपुर और यूपी के नंगला बहलोलपुर के किसानों में यमुना की जमीन को लेकर विवाद हुआ है। इस दौरान दोनों तरफ से पथराव और फायरिंग भी की गई। वहीं यूपी के एक किसान की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि कई किसानों के घायल होने की सूचना मिल रही है। पिछले 50 साल से ज्यादा समय से विवाद चलता आ रहा है। इससे पहले भी सीमा विवाद को लेकर कई बार बवाल हो चुका है।
पंचायत चुनाव : सहारनपुर में 74.54% हुआ मतदान
कोरोना के दहशत के बीच पंचायत चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों में 65.76 फीसदी मतदान हुआ। सहारनपुर के 884 ग्राम पंचायतों में कुल 1236 मतदान केंद्रों पर 74.54 प्रतिशत मतदान हुआ। कुछ जगहों पर छिटपुट हिंसक वारदातें भी सामने आईं। सहारनपुर में सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया था, कुछ बूथों पर रात आठ बजे के बाद तक मतदान चलता रहा। सरसावा क्षेत्र के गांव सुआंखेड़ी में ग्राम प्रधान पद के 13 प्रत्याशी होने के बावजूद सिर्फ पांच चुनाव चिह्न वाले ही मतपत्र पहुंच गए। गांव जड़ौदा पांडा के मजरा किशनपुरा में तड़के करीब तीन बजे प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों में टकराव हो गया। एक प्रत्याशी की कार फूंक दी गई। संघर्ष में पूर्व प्रधान राकेश घायल हो गए। रामपुर मनिहारान के चकवाली में मतदान समाप्ति के बाद दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच संघर्ष हो गया।
मुजफ्फरनगर में टैंकर और ट्रक में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत, एक की मौत
मुजफ्फरनगर के जानसठ में पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर शीरे से भरे टैंकर और ट्रक में आमने सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक सहित हेल्पर घायल हो गए। हादसे के बाद कई घंटों तक जाम लगा रहा।
मेरठ में आज वर्चुअल तरीके से होगी एमडीए बोर्ड बैठक
मेरठ विकास प्राधिकरण की शुक्रवार को होने वाली बजट बैठक में 308 करोड़ व्यय का प्रस्ताव रखा जाएगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए बैठक वर्चुअल तरीके से होगी। प्राधिकरण ने तैयारियां कर ली है। अमर उजाला ने अपने 13 अप्रैल के अंक में ‘विकास और निर्माण कार्यों से भटका प्राधिकरण’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद बैठक के आयोजित की जा रही है। एमडीए सचिव प्रवीणा ने बताया कि कोरोना को देखते हुए कमिश्नर सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 308 करोड़ का व्यय और 301 करोड़ की आय का बजट बनाया गया है।
मेरठ में बदला नाइट कर्फ्यू का समय, अब हर रोज 11 घंटे तक रहेगी पाबंदी
उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक सख्त आदेश दिया है। आदेश के अनुसार अब मेरठ समेत यूपी के दस जिलों में नाइट कर्फ्यू का समय बदल गया है। कहा गया कि जहां 2000 से अधिक सक्रिय मामले हैं वहां रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। सीएम ने कहा यह आदेश आज रात से ही लागू किया जाएगा।
मेरठ में हर घंटे मिल रहे नौ से ज्यादा मरीज, पांच दिन में 1161 मरीज मिले
मेरठ में कोरोना भयावह होता जा रहा है। अब हर घंटे नौ से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। पिछले पांच दिन में रफ्तार तेजी से बढ़ी है। हर रोज 200 से अधिक मरीज मिले हैं। इस दौरान 1161 मरीज मिले। यानी पांच दिन में ही एक हजार का आंकड़ा पार हो गया। पिछले साल 30 जून को 1000 मरीजों का आंकड़ा पूरा हुआ था, जबकि 27 मार्च 2020 को पहला मरीज मिला था। इस सप्ताह हर रोज 232 मरीज मिलने का औसत है। सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान ने बताया कि लोग न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं और न मास्क व सैनिटाइजर का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी वजह से मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
सहारनपुर में कार की टक्कर से दो महिलाओं समेत तीन की मौत, वोट डालकर लौट रही थीं महिलाएं
सहारनपुर के सरसावा में अंबाला हाईवे पर कार की टक्कर से पंचायत चुनाव में वोट डालकर लौट रहीं दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती की हालत गंभीर है। वहीं हादसे के बाद कार खंभे से टकरा गई। एयरबैग खुलने से कार सवार तीन बच्चे बच गए, जबकि चालक फरार हो गया।
... Read More