आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
सिपाही ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना हो गई। शहर के थाना सिविल लाइन में तैनात सिपाही अखिल कपासिया ने कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बताया गया कि 24 वर्षीय सिपाही अखिल कपासिया नई मंडी क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे कमरे पर उसने तमंचे से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
शादी का अनोखा मामला: सात फेरे होते ही दुल्हन नगदी-जेवरात लेकर फरार
उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में शादी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। परतापुर में हाईवे स्थित शिव मंदिर में शादी के सात फेरों के बाद ही दुल्हन एक लाख रुपये और कुछ जेवरात लेकर शादी समारोह स्थल से फरार हो गई। परिजनों से बात करने का बहाना बनाकर युवती मंदिर की दीवार फांदकर चली गई। घटना से हैरान दूल्हे पक्ष के लोगों ने पुलिस को तहरीर दी।
मेरठ में फिर दहशत बढ़ा रहा कोरोना, एक दिन में मिले 219 नए मरीज
उत्तर प्रदेश के मेरठ में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जनपद में नेहरूनगर निवासी बुजुर्ग (69 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि 219 नए मरीज मिले हैं। सरधना छावनी में 14 मरीज मिले हैं, जबकि राजेंद्रनगर में 10 और शीलकुंज में नौ संक्रमित मिले हैं। जागृति विहार में छह मरीज, पल्लवपुरम में चार और लल्लापुरा में तीन मरीज मिले हैं। इनके अलावा रजबन, गंगानगर, डिफेन्स कॉलोनी, नंगला बट्टू और मवाना के मरीज हैं।
मेरठ: डोल तोड़ने के विवाद में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों और बलकटी से किए गए वार
मेरठ में भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में खेत की डोल तोड़कर पानी चलाने के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान लाठी-डंडों, बलकटी और बल्लम से वार किए गए। घटना में छह लोग घायल हो गए। इनमें से एक ग्रामीण की हालत गंभीर है। उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
ऑटो में छेड़छाड़ कर रहे युवक को एमबीए की छात्रा ने पीटा
मोदीनगर-निवाड़ी रोड पर चलने वाले ऑटो में सवार युवती से रविवार सुबह एक मनचले ने छेड़छाड़ कर दी। युवती ने ऑटो में ही आरोपी की धुनाई कर दी। इसी बीच मनचला मौका देखकर ऑटो से कूदकर भाग निकला। घटना के बाद लोगों ने आरोपी का पीछा किया, मगर वह हाथ नहीं आया। पीड़िता बगैर शिकायत किए वहां से चली गई।
स्टाफ नर्स ने फांसी लगाकर दी जान, बहसूमा पीएचसी पर थी तैनात
मेरठ में हस्तिनापुर कस्बे के सीएचसी परिसर में बने आवास में रहने वाली स्टाफ नर्स ने रविवार को संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर जान दे दी। वह बहसूमा पीएचसी पर तैनात थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बहसूमा पीएचसी पर करीब एक वर्ष से तैनात स्टाफ नर्स अनामिका (26) पुत्री पदम सिंह मूलरूप से गांव भोजपुर थाना मोदीनगर की रहने वाली थी। वह सीएचसी की मलेरिया कॉलोनी में रह रही थी।
चुनाव के लिए अनुमति, धार्मिक स्थलों पर पाबंदी गलत: कारी शफीकुर्रहमान
कोरोना संक्रमण के कारण प्रदेश सरकार ने धार्मिक स्थलों में एक बार में सिर्फ पांच लोगों के प्रवेश की अनुमति दी है। कारी अफ्फान कासमी का कहना है कि शासनादेश आने से पहले ही पुलिसकर्मियों ने मस्जिदों के बाहर नोटिस चस्पा करने शुरू कर दिए थे। कारी शफीकुर्रहमान कासमी ने कहा कि सोमवार को डीएम से मुलाकात कर मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री व राज्यपाल के नाम लिखित ज्ञापन सौंपेंगे।
मुजफ्फरनगर: विवाहिता की मौत, आत्महत्या के वीडियो से मचा हड़कंप, हिरासत में सास और ससुर
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं मामला सामने आया है कि महिला के आत्महत्या करने के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। छपार थाना क्षेत्र के गांव दतियाना में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव ससुराल के एक कमरे में पड़ा मिला। हत्या की आशंका जता रहे मायकेवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। उधर, महिला की सास और ससुर को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि पति समेत अन्य लोग फरार हो गए। इस मामले में दहेज हत्या का मुदकमा दर्ज कर लिया गया है।
... Read More