आइए नजर डालते हैं आज की मुख्य हेडलाइन पर...
मेरठ में सनसनीखेज वारदात: चाची-भतीजे की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटे पुलिस अफसर
मेरठ में शनिवार सुबह एक बड़ी वारदात हो गई। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में आज सुबह साढ़े पांच बजे गुलशन पत्नी यामीन व उसके भतीजे गुड्डू उर्फ खुशनूद पुत्र अलीशेर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव पास के खाली पड़े धर्मवीर के प्लॉट में पड़े मिले। वहीं दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। आनन-फानन में एसपी देहात पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
मुजफ्फरनगर में भोपा के बेलड़ा गंगनहर पटरी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को टक्कर मार दी, जिसमें एक भाई की मोके पर ही मौत हो गई। थाना ककरौली के गांव तेवड़ा निवासी दो सगे भाई शाकिर व अनस बाइक पर सवार होकर बेलडा की ओर से अपने गांव तेवड़ा लौट रहे थे। बेलडा से थोड़ा आगे गंग नहर पटरी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसमें शाकिब (21) की मौके पर मौत हो गई।अनस गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है।
सहारनपुर और बागपत में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक खत्म, टीकाकरण प्रभावित
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच कई जगह वैक्सीन खत्म होने के मामले सामने आ रहे हैं। अब खबर है कि यूपी के बागपत और सहारनपुर जिलों में भी वैक्सीन का टोटा पड़ गया है स्टॉक पूरी तरह से खत्म हो गया है। इसका असर टीकाकरण अभियान पर पड़ा है। कहीं टीकाकरण रुक गया है तो कहीं उसके सत्र कम कर दिए गए हैं।
शहर से देहात तक कोरोना का वार, 145 मिले बीमार
मेरठ। कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को कोरोना के 145 नए मरीज मिले। एक-एक घर में 10-10 मरीज मिल रहे हैं। हालात ये है कि शहर के पॉश इलाके कहे जाने वाले जागृति विहार, शास्त्री नगर, गंगानगर, शंभूनगर सहित गेट बंद कॉलोनियों में संक्रमण लगातार हमला कर रहा है। इनके अलावा डिफेंस एंक्लेव, पल्लवपुरम, हाइड्रिल कॉलोनी और अप्पू एंक्लेव में भी मरीज मिले हैं। देहात से मरीज मिलने का सिलसिला कम है, इसके पीछे जांच का कम होना बताया जा रहा है।
17 प्राइवेट एंबुलेंस सीज
मेरठ में मेडिकल कॉलेज के बाहर खड़ीं 17 प्राइवेट एंबुलेंस शुक्रवार को सीज कर दी गईं। चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई की। एंबुलेंस के संचालक मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराते थे। इसकी शिकायत मंत्री से की गई थी। सुरेश खन्ना शुक्रवार मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण करने आए थे। भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने मंत्री से कहा कि मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर कुछ एंबुलेंस खड़ी रहती हैं। एंबुलेंस के ड्राइवर और दलाल मरीजों और तीमारदारों को झांसे में लेकर प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज कराने के लिए ले जाते हैं। इसके लिए उन्हें मोटी रकम मिलती है।
पुजारी की नाबालिग बेटी को बंधक बनाकर दो दिन तक दुष्कर्म
मेरठ के शास्त्री नगर में पुजारी की 15 वर्षीय बेटी को अगवा करने के बाद एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी को दो दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में युवक को संरक्षण देने के आरोप में उसके पिता को भी नामजद किया गया है।
युवाओं को हनी ट्रैप में फंसा रहा गिरोह
मेरठ में सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट और फिर व्हाट्सएप पर वीडियो कॉलिंग कर युवाओं को हनीट्रैप में फंसाया जा रहा है। ऐसा गिरोह काफी समय से सक्रिय है। यह गिरोह अधिकांश वर्दीधारियों को निशाना बना रहा है। साइबर सेल में एक महीने में ऐसी 18 शिकायतें आई हैं। इनमें बताया गया है कि गिरोह के सदस्य अश्लील वीडियो बनाकर वसूली कर रहे हैं। बताया गया है कि फेसबुक की डीपी पर सुंदर युवतियों की फोटो लगाकर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जाती है। इसके बाद ही फेसबुक मेसेंजर पर संदेश भेजे जाते हैं। फिर युवाओं को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉलिंग के लिए कहा जाता है।
इसके बाद युवाओं को फंसाया जाता है। युवाओं के फोटो-अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी जाती है। इसके बाद अवैध वसूली की जाती है। कुछ पीड़ित युवाओं की अश्लील वीडियो उनके परिचितों के ग्रुप पर भी भेजी हैं और ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की वसूली की गई है।
अधिकारी से रंगदारी मांगने वाला कथित भाजपा नेता गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में किठौर पुलिस ने सत्ताधारी पार्टी के नाम पर व्यापारियों को ब्लैकमेल, रंगदारी और थाने में बंद कराने की धमकी देने वाले कथित भाजपा नेता को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी से नीलामी के नाम पर रंगदारी मांगने, सरकारी काम में बाधा डालने, जान से मारने की धमकी देने और अवैध वसूली न देने पर एक ठेकेदार की पुत्री का अपहरण करने के मामले में आरोपी वांछित चल रहा था।
... Read More