सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
मेरठ के मोदीपुरम के दुल्हैड़ा गांव में कुछ युवकों ने अपने एक दोस्त को घर से बुलाकर पहले शराब पिलाई, फिर बाद ईंट से पीट-पीटकर मार डाला। आरोपी दोस्तों ने मृतक के मुंह पर ईंट से वार किया और हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया गया कि हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी दुल्हैड़ा गांव के ही हैं। परिवार के लोगों ने मृतक के शव को दुल्हैड़ा गांव निवासी कृष्ण पाल के खेत से बरामद किया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पल्लवपुरम और दौराला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिजनौर जनपद में तैनात अपर जिला जज राजू प्रसाद का सोमवार को निधन हो गया। वे कुछ समय पहले कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए थे और इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट आए थे। लेकिन फिर से उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें शहर के ही एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं सोमवार सुबह उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। अपर जिला जज राजू प्रसाद पहले बिजनौर में ही सीजेएम के पद पर तैनात थे। इसके बाद यहीं पर प्रोन्नत होकर अपर जिला जज बने थे। वह मूलरूप से देवरिया के रहने वाले थो। उनके निधन पर सभी वकीलों व जजों ने दुख प्रकट किया है।
मेरठ के मेडिकल कॉलेज से फरार हुआ कोरोना पॉजिटिव मरीज पकड़ा गया है। मेरठ पुलिस के पीआरवी के जवानों ने पकड़ा है। 60 वर्षीय सुरेंद्र दो दिन पहले अस्पताल से फरार हो गए थे। वहीं मानसिक रूप से बीमार सुरेंद्र अस्पताल से भागते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। पीआरवी के जवानों ने रेलवे रोड थानाक्षेत्र के जमुनिया बाग इलाके से पकड़ा है। पुलिस ने सुरेंद्र को मेडिकल कॉलेज की टीम के हवाले कर दिया है।
मेरठ जनपद के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी महिला ने अपने ससुर पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
अमृतसर से चलकर वाया मेरठ, मुंबई जाने वाली गोल्डन टेंपल ट्रेन के समय में बदलाव किया गया है। रेलवे की ओर से जारी समय सारिणी में अब मेरठ से मुंबई जाने पर आप छह घंटे पहले पहुंच जाएंगे, लेकिन इसके लिए सुबह पांच बजे गोल्डन टेंपल पकड़ने के बजाय रात दो बजकर दो मिनट पर सिटी स्टेशन पहुंचना होगा। अंग्रेजों के जमाने से चलने वाली इस ट्रेन से कपड़ा व्यापारी बड़ी संख्या में सूरत जाते हैं। वहीं, मुंबई से चलकर मेरठ आने वाले समय में भी बदलाव किया गया है। पहले गोल्डन टेंपल रात में 9:30 बजे सिटी स्टेशन पहुंचती थी, लेकिन अब यह ट्रेन सिटी स्टेशन पर दोपहर 3:25 बजे पहुंचेगी।
मौसम का मिजाज फिर गर्म होने लगा है। रविवार को मौसम में गर्मी का असर साफ दिखाई दिया वहीं शाम होते होते मौसम में नमी आ गई। धूम मद्यम पड़ गई और तेज हवाएं चलीं। दो दिन बारिश से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो, ताउते के बाद अब बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवात तूफान यास उत्तर प्रदेश का मौसम बदलेगा। आने वाले 24 से 48 घंटों में यूपी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। मई के इस तरह से बदलते मौसम को देखते हुए मौसम वैज्ञानिक कयास लगा रहे हैं कि इस बार मानसून जल्द आएगा।
सहारनपुर के एक बिल्डर ने ऑनलाइन बिड में शामिल होकर चांद पर प्लॉट खरीदा है। उन्हें पांच लाख रुपये कीमत में चांद पर प्लॉट की रजिस्ट्री मिली है। इस प्लॉट को खरीदने के बाद बिल्डर ने कहा कि धरती पर तेजी से फैल रहे संक्रमण को देखते हुए यह कदम उठाया और चांद पर अपनी मां के लिए प्लॉट खरीदा है। सहारनपुर की कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला हकीकतनगर निवासी अश्वनी सुखीजा उर्फ आशु कंस्ट्रक्शन का कार्य करते हैं। वह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में फ्लैट बनाते हैं। लोगों के लिए धरती पर फ्लैट बनाने वाले आशु ने अब कोरोना काल में अपने लिए चांद पर प्लॉट खरीदा है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं पूर्व सांसद सईदुज्जमा और उनकी पत्नी तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनके पुत्र सलमानजमा भी पॉजिटिव आए हैं और वह भी अपोलो में ही हैं। प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री सईदुज्जमा की पत्नी निगार सईद सबसे पहले संक्रमित हुईं। उनकी रिपोर्ट 19 मई को आई जिसके बाद उन्हें शहर के कोविड हॉस्पिटल डिवाइन में भर्ती करा दिया गया। 22 मई को सईदुज्जमा और उनके बेटे सलमान जमा की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई।
... Read More