सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
पंजाब के मोगा जिले में मिग-21 क्रैश होने से शहीद हुए स्क्वाड्रन लीडर अभिनव चौधरी का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर शनिवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे बागपत में उनके पैतृक गांव पुसार में पहुंच गया। शहीद के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। दूरदराज के गांवों से भी लोग अभिनव चौधरी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। वहीं गांव के रास्ते पर ग्रामीण हाथों में तिरंगे लिए उनके इंतजार में खड़े रहे। इस दौरान भारत माता की जय और अभिनव चौधरी अमर रहें के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। गांव के श्मशान में सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया एगा। बेटे अभिनव चौधरी की शहादत से उनके पिता पूरी तरह टूट चुके हैं। पिता सतेंद्र चौधरी का कहना है कि देश के जवान पुराने जहाज उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा यह जवानों की जिंदगी का सवाल है। इससे पहले भी कई जवान अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने हाथ जोड़कर सरकार से अपील की है कि देश में मिग-21 विमानों को तुरंत बंद कर देना चाहिए।
मेरठ में पुलिस ने ऑक्सीजन गैस सिलिंडर के फ्लो मीटर बनाने वालों को क्लीनचिट दे दी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में बाट-माप विभाग की रिपोर्ट पर ही कार्रवाई तय होगी। लिसाड़ीगेट के बुनकर नगर में सर्विलांस की टीम ने गुरुवार को एक फैक्टरी पर छापा मारा था। पुलिस ने फैक्टरी मालिक सहित छह लोगों को हिरासत में लिया और फिर पूछताछ की थी। पुलिस की जांच में कोई ऐसा सबूत नहीं मिला है, जिससे इन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। वहीं, इस स्थिति से सर्विलांस टीम की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं।
मेरठ के मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में एक और मरीज का मोबाइल चोरी कर लिया गया। पति की मौत के बाद आईसीयू में बुजुर्ग महिला का मोबाइल चुरा लिया गया। वहीं, परिजनों ने महिला की हालत बिगड़ने पर अब उनको सुभारती अस्पताल में शिफ्ट करा दिया है। परिजनों ने मेडिकल थाने में तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने ऐसी तहरीर मिलने से ही इनकार कर दिया है।
मेरठ में जानीखुर्द के गांव टिकरी में राहुल शर्मा की हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया गया। दोनों आरोपियों ने राहुल की हत्या शराब के नशे में गाली-गलौज करने पर ईंट मारकर की थी। दो दिन पूर्व गांव टिकरी निवासी राहुल शर्मा पुत्र ब्रजमोहन का शव गांव के बाहर स्थित घूम वाले मंदिर के पास पड़ा मिला था। राहुल की हत्या ईंट से वार कर की गई थी। राहुल के पिता ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जानी पुलिस ने शुक्रवार को पिंटू उर्फ संजीव पुत्र कृपाल सिंह और मनीष उर्फ लल्ला पुत्र सुनील को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को राहुल शर्मा की हत्या किए जाने के आरोप में जेल भेज दिया।
सहारनपुर के गांव शेखपुरा निवासी दूसरे वर्ग के युवक ने मोदीनगर की युवती से शादी कर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। इसके बाद युवक ने दूसरी शादी कर ली। इस बात का पता पहली पत्नी को चला तो, शुक्रवार को शेखपुरा में पति के घर पहुंच गई। वहां दूसरी पत्नी के साथ उसकी मारपीट हो गई। पुलिस ने पहली पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज युवक को हिरासत में ले लिया और पूछताछ कर रही है।
मेरठ में कोरोना संक्रमण में गिरावट के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की जोड़तोड़ तेज हो गई है। मुख्य मुकाबला सपा-रालोद गठबंधन और भाजपा के बीच होने की संभावना है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा को पूरी ताकत लगानी पड़ेगी। इसके लिए हर हथकंडा अपनाना होगा, क्योंकि जरूरी बहुमत से भाजपा बहुत दूर है।
बिजनौर में चुनावी रंजिश को लेकर खूब खून खराबा हो रहा है। चुनाव के दौरान कहीं वोट न देने तो कहीं किसी और बात को लेकर लोग एक दूसरे की जान लेने पर उतारू हैं। चुनाव के बाद रंजिश को लेकर जिले में तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। कई लोगों पर जानलेवा हमले कर दिए गए।
... Read More