सुनिए शहर की ताजातरीन खबरें-
मूल रूप से बागपत के रहने वाले पायलट अभिनव चौधरी की गुरुवार रात को एयर फोर्स के फाइटर विमान क्रैश होने से मौत हो गई। अभिनव बागपत के पुसार गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में अभिनव चौधरी अपने परिवार के साथ मेरठ के गंगासागर कॉलोनी में रहते थे। 25 दिसंबर 2019 को शादी में दहेज में मिली नकदी लौटा कर उन्होंने सिर्फ एक रुपया लिया था। जिसके बाद वे काफी चर्चाओं में आये थे। वहीं पिता सतेंद्र चौधरी का कहना है कि देश के जवान पुराने जहाज उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा यह जवानों की जिंदगी का सवाल है। इससे पहले भी कई जवान अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने हाथ जोड़कर सरकार से अपील की है कि देश में मिग-21 विमानों को तुरंत बंद कर देना चाहिए।
मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरेड़ा गांव के पास दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस सड़क हादसे में मारुति वैन सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई। बताया गया कि एक टैंकर ने मारुति वैन में टक्कर मारी है। मृतकों में महिला, युवती और एक युवक शामिल हैं। वहीं घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मृतकों की पहचान कराने में जुटी है।
अंतराष्ट्रीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार के पिता का गुरुवार को निधन हो गया। बताया गया कि उन्होंने अपने गंगानगर सी- पॉकेट आवास पर अंतिम सांस ली। वहीं उनकी मौत से शोक की लहर दौड़ गई। भुवनेश्वर कुमार के पिता पुलिस विभाग में थे और उन्होंने वीआरएस ले लिया था। वे मेरठ और मुजफ्फरनगर में तैनात रहे। बताया गया कि वे मूल रूप से बुलंदशहर निवासी थे। 63 साल की उम्र में उनका निधन हुआ है।
मेरठ कोविड-19 से संक्रमित संतोष कुमार के शव का अज्ञात में अंतिम संस्कार अज्ञात मे कराने के मामले में मेडिकल के कोविड प्रमुख अधीक्षक डॉ सुधीर राठी को पद से हटा दिया गया है। उनसे विभागाध्यक्ष सर्जरी का चार्ज भी छिन गया है। दोनों चार्ज कोविड सीएमएस डॉ धीरज राज को दिए गए हैं। संविदा पर कार्यरत डॉक्टर उत्कर्ष कौशिक की सेवाएं समाप्त की। वह एसोसिएट प्रोफेसर (स्किन) थे। उनकी ड्यूटी के दौरान ही सन्तोष की मृत्यु हुई थी। मैटर्न अनीता को भी कोविड से हटाकर कार्यालय में सम्बद्ध किया है।
मेरठ में ब्लैक फंगस के पांच नए मरीज मिले हैं, जबकि मेडिकल में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई है। अब तक 78 मरीज मिल चुके हैं। प्रशासन के रिकॉर्ड में 72 हैं, जो अस्पतालों में भर्ती हो चुके हैं। पांच मरीज अभी रजिस्टर्ड नहीं हुए हैं। कोरोना संक्रमित और कोरोना विजेता, दोनों काले फंगस की चपेट में आ रहे हैं। तीन नए मरीज मेडिकल में भर्ती हुए हैं जबकि एक न्यूटिमा अस्पताल में और आनंद अस्पताल में आया है। ये बिजनौर, मुजफ्फरनगर और मेरठ के हैं।
मेरठ में सर्विलांस सेल को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लिसाड़ी गेट में सर्विलांस टीम ने ऑक्सीजन गैस सिलिंडर पर लगने वाले फ्लो मीटर बनाने की फैक्टरी पर छापा मारा। सर्विलांस टीम का दावा कि यहां अवैध तरीके से फ्लो मीटर बनाने का काम भी चल रहे थे। पुलिस ने फैक्टरी संचालक सहित छह लोगों को हिरासत में लिया है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मामूली बात पर नाराज भाई ने बहन की निर्मम हत्या कर डाली। बहन का कसूर केवल इतना था कि वह फोन पर लगातार किसी से बात करने लगी थी। आरोपी भाई बहन को बहाने से एक खाली प्लाॅट में ले गया और उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। गांव अलमासपुर में युवती की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने उसके सौतेले भाई को ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवती द्वारा मोबाइल पर किसी से लंबी बातें करने से खफा होकर उसकी हत्या किए जाने की जानकारी दी है।
कोरोना कर्फ्यू के बाद से वाहनों की संख्या घटने के बाद प्रदूषण काफी कम हुआ है। वहीं ताउते तूफान के बाद बदले मौसम और मई माह में हुई बरसात से मौसम खुशगवार हो गया। इस कारण से प्रदुषण में काफी कमी आई है और हवा साफ हुई है। यूपी के सहारनपुर में तकरीबन सौ किलोमीटर दूर से शिवालिक की पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे साफ दिखाई पड़ रहे हैं।
... Read More