दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। फ्लोरिडा में हुए एक कार हादसे के बाद उन्हें नशे में ड्राइविंग (DUI) के शक में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि शुरुआती जांच में शराब का कोई सबूत नहीं मिला, लेकिन यूरिन टेस्ट से इनकार ने इस मामले को गंभीर बना दिया। हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ ही घंटे बाद जमानत पर उन्हें रिहा भी कर दिया गया।
2 of 7
हादसे के बाद कार के बगल में खड़े टाइगर वुड्स
- फोटो : Twitter
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना शुक्रवार दोपहर फ्लोरिडा के जुपिटर आइलैंड के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, वुड्स अपनी लैंड रोवर से एक दो-लेन सड़क पर तेज रफ्तार में एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार ट्रक के ट्रेलर से टकरा गई और पलटकर साइड में गिर गई। राहत की बात यह रही कि वुड्स को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे खुद गाड़ी से बाहर निकलने में सफल रहे।
ब्रेथलाइजर क्लीन, लेकिन शक बरकरार
घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारियों ने वुड्स का ब्रेथलाइजर टेस्ट किया, जिसमें शराब की मात्रा शून्य पाई गई। इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उनमें नशे जैसे लक्षण दिखे। जांचकर्ताओं को शक है कि उन्होंने किसी दवा या ड्रग्स का सेवन किया हो सकता है। हालांकि, वुड्स ने आगे की जांच के लिए यूरिन टेस्ट देने से साफ इनकार कर दिया, जिसके चलते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
कानून के तहत क्या कार्रवाई?
फ्लोरिडा के कानून के मुताबिक, किसी भी संदिग्ध ड्राइवर का टेस्ट से इनकार करना अपने आप में अपराध है। वुड्स पर तीन आरोप लगाए गए हैं। इनमें नशे में ड्राइविंग (DUI), प्रॉपर्टी डैमेज और कानूनी टेस्ट से इनकार शामिल हैं। नियमों के तहत उन्हें कम से कम आठ घंटे जेल में रहना था, इसके बाद ही जमानत मिलती। ऐसे में अब आठ घंटे बिताने के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
पहले भी हो चुका है ऐसा
यह पहली बार नहीं है जब वुड्स इस तरह के मामले में फंसे हों। 2017 में भी उन्हें दवाओं के असर में ड्राइविंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस समय उन्होंने स्वीकार किया था कि उन्होंने दर्द निवारक दवाओं का गलत मिश्रण ले लिया था। इसके अलावा 2021 में भी उनका एक गंभीर कार हादसा हुआ था, जिसमें उनके पैरों में गंभीर चोटें आई थीं।