दोहरे शतक जमाने में माहिर भारतीय टीम के कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरूवार को चौथे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में अंतरराष्ट्रीय मैचों का अपना 'दोहरा शतक' यादगार बनाना चाहेंगे।
देखें वीडियो:
सीरीज पहले ही जीत चुकी भारतीय टीम की नजरें 'क्लीन स्वीप' पर रहेगी। वहीं वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक बना चुके रोहित कार्यवाहक कप्तान के रूप में अपने उम्दा रिकॉर्ड को कायम रखना चाहेंगे। सेडन पार्क की बल्लेबाजों की मददगार पिच पर न्यूजीलैंड के लिये फार्म में चल रहे भारतीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाना आसान नहीं होगा।
भारत अगर 4-0 की बढत बना लेता है तो किसी भी प्रारूप में 52 साल में न्यूजीलैंड में यह उसकी सबसे बड़ी जीत होगी। भारत ने पहली बार 1967 में न्यूजीलैंड का दौरा किया था। बाकी दो मैचों में भारत के पास अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने का सुनहरा मौका है। महेंद्र सिंह धोनी की मांसपेशी की चोट के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है लेकिन टीम सूत्रों के अनुसार चिंता की कोई बात नहीं है। उनकी उपलब्धता के बारे में फैसला कल ही लिया जायेगा।
धोनी के खेलने पर वह विराट कोहली की जगह लेंगे जिन्हें बाकी मैचों में आराम दिया गया है। वैसे प्रतिभाशाली शुभमन गिल को भी सीनियर टीम की जर्सी पहनने का मौका दिया जा सकता है। क्रिकेट पंडित उनके स्ट्रोक्स में विराट कोहली के शाट्स की झलक देखते हैं। कोहली ने माउंट माउंगानुइ में जीत के बाद कहा था, 'जब मैं 19 बरस का था तो शुभमन का 10 प्रतिशत भी नहीं था।'
कोहली से तारीफ सुनने के बाद कोच रवि शास्त्री और रोहित उसे चौथे नंबर पर मौका दे सकते हैं जहां अंबाती रायुडू चमत्कारिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। गिल और धोनी दोनों के खेलने पर दिनेश कार्तिक को आराम दिया जा सकता है। गेंदबाजी में कुलदीप यादव आठ और युजवेंद्र चहल छह विकेट ले चुके हैं। दो बार मैन आफ द मैच रह चुके मोहम्मद शमी को आराम दिया जा सकता है जो आस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज की शुरूआत के बाद से लगातार खेल रहे हैं।