एशियन गेम्स 2018 का जकार्ता में आगाज हो चुका है। पहले ही दिन भारत को सफलता भी मिली, वहीं उसकी मेडल की सबसे बड़ी उम्मीद भी टूटी। आइए जानते हैं एशियन गेम्स के पहले दिन भारत किन धुरंधरों ने मेडल जीते और कौन से खिलाड़ियों ने आगे मेडल दिलाने की उम्मीद जगाई।
एशियन गेम्स 2018: बजरंग ने दिलाया भारत को स्वर्ण पदक, जानें पहले दिन भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन
कुश्ती
पहलवान बजरंग पूनिया ने जकार्ता एशियाई खेलों में देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती भार वर्ग के फाइनल में उन्होंने जापान के तकातानी दाईची को 11-8 मात दी। इस जीत को हासिल करने के लिए बजरंग को थोड़ी मशक्क जरूर करनी पड़ी, लेकिन पूरी बाउट में उन्होंने जबरदस्त आक्रामकता दिखाई।
भारत के स्टार पहलवान सुशील कुमार ने रविवार को एशियाई खेल 2018 में देशवासियों को निराश कर दिया है। गोल्ड मेडल के प्रबल दावेदार सुशील कुमार एशियाड 20018 से बाहर हो चुके हैं। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में बहरीन के एडम बटिरोव के सामने घुटने टेक दिए। सुशील को पुरुष फ्रीस्टाइल 74 किग्रा वर्ग में बटिरोव के हाथों 5-3 से शिकस्त मिली और वह उलटफेर का शिकार हो गए।
एशियन गेम्स के पहले दिन भारतीय कबड्डी टीम ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। ग्रुप 'ए' के तहत खेले गए एक मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने बांग्लादेश को 50-21 के विशाल अंतर से रौंदा। विश्व विजेता भारतीय टीम की इस खेल में तूती बोलती है। पूरे मैच में भारतीय शेरों ने अपना दबदबा बनाए रखा। बांग्लादेशी खिलाड़ी भारतीय टीम के आगे पानी भरते नजर आए।
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रविवार को एशियाई खेल 2018 में अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की। भारत ने जापान को 31 अंक के विशाल अंतर से हराया और मुकाबला 43-12 से अपने नाम किया। भारतीय टीम ने आधे घंटे में जापान को तीन बार ऑलआउट किया, जो मुकाबले का हाइलाइटिंग प्वाइंट भी साबित हुआ।