फ्रांस ने शुक्रवार को दो बार की विश्व चैंपियन उरुग्वे को हराकर फीफा विश्व कप 2018 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम में खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में फ्रांस ने उरुग्वे को 2-0 से करारी मात दी। इसके साथ ही फ्रांस 2006 के बाद के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई बनाने में कामयाब हो पाई है।
इस हाइवोल्टेज मुकाबले में फ्रांस की तरफ से 25 साल के डिफेंडर राफेल वरान ने 40वें मिनट में गोलकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। उन्होंने एंटोनी ग्रीजमैन की फ्री किक पर बेहतरीन हेडर लगाकर शानदार गोल किया और अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। विश्व कप 2018 में यह उनका पहला गोल था। उन्होंने इस विश्व कप में अभी तक 5 मुकाबले खेले हैं। वरान 2014 विश्व कप का भी हिस्सा रहे हैं, लेकिन उस विश्व में उन्होंने एक भी गोल नहीं किया था।
वहीं, पहले हाफ में 1-0 की बढ़त लेने के बाद फ्रांस के स्टार खिलाड़ी एंटोनी ग्रीजमैन ने 61वें मिनट में शानदार गोलकर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। इस मुकाबले को जीतकर फ्रांस ने 12 साल बाद फीफा विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वहीं, दो बार की चैंपियन उरुग्वे का सफर यहीं समाप्त हो गया।
गौरतलब है कि 2006 के बाद फ्रांसीसी टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल हो पाई है। 2006 विश्व कप में फाइनल तक पहुंचे थे लेकिन वहां इटली की टीम ने उन्हें मात दे दी थी। इस बार उनका छठा विश्व कप सेमीफाइनल होगा। मालूम हो कि फ्रांस ने साल 1998 में फीफा विश्व कप का खिताब जीता था।
बता दें कि फीफा विश्व कप में फ्रांस ने उरुग्वे को पहली हराने में सफल रहा है। फ्रांस और उरुग्वे की टीमें अब तक कुल आठ बार आमने-सामने आई हैं, जिनमें से दो बार उरुग्वे ने जीत हासिल की है और दो बार फ्रांस जीता है। चार मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।