फीफा विश्व कप 2018 के पहले नॉकआउट मुकाबले में फ्रांस ने अर्जेंटीना को 4-3 से हरा दिया है। बेहद रोमांचक मुकाबले में सात गोल देखने को मिले। हाफ टाइम तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला 1-1 से बराबरी पर था, लेकिन दूसरे हाफ में एक समय पिछड़ने के बाद फ्रांस ने आक्रामक फुटबॉल खेलते हुए तीन गोल दागे। इसमें दो गोल किलिएन बैप्पे ने दागे। इंजरी टाइम में अर्जेंटीना की ओर से एग्यूरो ने जरूर गोल दागा लेकिन तब तक मुकाबला हाथ से निकल चुका था।
पेनल्टी से पहला गोल
मैच की शुरुआत से ही फ्रांस अर्जेंटीना पर हावी रहा। खेल के नौवें मिनट में ही उसके फॉरवर्ड खिलाड़ी एंटोनी ग्रीजमैन का शॉट गोलपोस्ट से टकरा कर वापस आ गया। 11वें मिनट में मार्को रोजो ने अर्जेंटीना के बॉक्स में फ्रांस के मिडफील्डर किलिएन बैप्पे को फाउल कर गिरा दिया जिसके परिणामस्वरूप फ्रांस को पेनाल्टी मिली। खेल के 13वें मिनट में एंटोनी ग्रीजमैन ने पेनाल्टी को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी।
बराबरी पर लाए मारिया
3 of 8
लियोनेल मेसी और मार्कोस रोजो
इसके बाद मैच पर अर्जेंटीना ने अपनी पकड़ बनानी शुरू कर दी और खेल के 41वें मिनट में अर्जेंटीना के मिडफील्डर एंजेल डि मारिया ने 30 गज़ की दूरी से एक बेहतरीन गोल कर अपनी टीम को बराबरी पर ला दिया। डि मारिया ने इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा गोल दागा।
अर्जेंटीना को 8 मिनट की बढ़त
दूसरे हाफ के 48वें मिनट में मेसी के दिए पास पर मर्काडो ने गोल दाग कर अर्जेंटीना को 2-1 से बढ़त दिला दी लेकिन सिर्फ 8 मिनट बाद ही फ्रांस ने भी दूसरा गोल दाग दिया और अपनी टीम को बराबरी पर पहुंचा दिया। खेल के 57वें मिनट में फ्रांस की ओर से दूसरा गोल डिफेंडर बेंजामिन पावर्ड ने किया। वर्ल्ड कप में पावर्ड का यह पहला गोल था।
चार मिनट में बैप्पे का डबल
इसके बाद फ्रांस मैच में हावी हो गया और 64वें मिनट में मिडफील्डर किलिएन बैप्पे ने अर्जेंटीना के गोलकीपर फ्रांको अर्मानी को छकाते हुए बेहतरीन गोल से अपनी टीम को 3-2 से बढ़त दिला दी। चार मिनट बाद बैप्पे ने एक बार फिर शानदार फील्ड गोल किया और इसके साथ ही फ्रांस की बढ़त 4-2 हो गई।
खेल के 84वें मिनट में लियोनेल मेसी को शानदार मौका बनाया लेकिन वो उसे गोल में तब्दील नहीं कर सके। दूसरे हाफ के अंतिम 15 मिनट में अर्जेंटीना ने लगातार अपना आक्रमण जारी रखा। उसे दो कॉर्नर भी मिले लेकिन दोनों ही बार मिले इस मौके को वो भुना नहीं सकी और एक भी गोल नहीं दाग सकी।