फीफा वर्ल्ड कप 2018 से बाहर होने के बाद अर्जेंटीना के मिडफील्डर जेवियर मसचरेनो ने इंटरनेशन फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। बता दें शनिवार को लियोनेल मेसी के नेतृत्व वाली अर्जेंटीना को फ्रांस 4-3 से हराकर विश्व कप से बाहर कर दिया था।
इंटरनेशनल फुटबॉल को अलविदा कहने का मन बना चुका यह बेहतरीन खिलाड़ी बार्सिलोना और लिवरपूल जैसे क्लबों से खेल चुका है। वर्ल्ड कप से अर्जेंटीना के बाहर होने पर जेवियर मसचरेनू ने कहा, 'मैच में हमारी शुरुआत बेहद खराब रही, लेकिन हमने उसकी भरपाई करने की पूरी कोशिश भी की। लेकिन फ्रांसीसी खिलाड़ियों के लगातार अटैक ने हमारे हौसलों पर पानी फेर दिया।'
जेवियर मसचरेनू ने कहा, 'विश्व कप में अर्जेंटीना की इस हार से टीम को सबक मिला है और मुझे यकीन है कि भविष्य नेशनल फुटबॉल टीम के योद्धा खिलाड़ी एक बार फिर मैदान पर फैंस का दिल जीतने में कामयाब होंगे।'
प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में यह 34 वर्षीय खिलाड़ी पूर 90 मिनट तक फ्रांस के खिलाफ मैदान पर डटा रहा। अर्जेंटीना की नेशनल फुटबॉल से खेलते हुए वह सबसे ज्यादा 147 बार मैदान पर उतर चुके हैं।
जेवियर मसचरेनू के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत अर्जेंटीना साल 2014 विश्व कप के फाइनल और 2015 व 2016 में कोपा अमेरिका के फाइनल में पहुंचे थे। गौरतलब है कि शनिवार को विश्व कप 2018 में लियोनेल मेसी के नेतृत्व वाली अर्जेंटीना को फ्रांस के हाथों मिली हार के कारण बाहर होना पड़ा। फीफा विश्व कप में फ्रांस ने अर्जेंटीना को 32 साल बाद हराया है।