Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   SAFF Championships: India eye 10th title win, face spirited Pakistan in final all you need to know

सैफ चैंपियनशिप: खिताबी मुकाबले में भारत के सामने पाकिस्तान की चुनौती, टीम इंडिया की नजर 10वीं ट्रॉफी पर

Mon, 16 Nov 2026 04:49 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ढाका
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ढाका Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Mon, 16 Nov 2026 04:49 PM IST
सार

भारत मंगलवार को सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पाकिस्तान का सामना करेगा। टीम इंडिया की नजर रिकॉर्ड 10वें और लगातार तीसरे खिताब पर है। भारत ने सेमीफाइनल में भूटान को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि पाकिस्तान ने मेजबान बांग्लादेश को 1-0 से मात देकर पहली बार खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। 

विज्ञापन
SAFF Championships: India eye 10th title win, face spirited Pakistan in final all you need to know
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गत विजेता भारत की नजरें एक बार फिर सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीतने पर हैं। मंगलवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होगा। भारत की कोशिश रिकॉर्ड 10वीं बार खिताब जीतने के साथ लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने की होगी। वहीं, पाकिस्तान की टीम पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है और वह अपना ऐतिहासिक सफर खिताबी जीत के साथ खत्म करना चाहेगी।
विज्ञापन
Trending Videos

नौ बार खिताब जीत चुका भारत
भारत ने अब तक सैफ चैंपियनशिप में रिकॉर्ड नौ बार खिताब जीता है। टीम ने 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015, 2021 और 2023 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। खास बात यह है कि इस बार भारत दूसरे दर्जे की टीम के साथ टूर्नामेंट में उतरा है, इसके बावजूद वह खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पहली बार फाइनल में पहुंचा पाकिस्तान
  • दूसरी ओर, पाकिस्तान के लिए यह टूर्नामेंट अब तक यादगार रहा है। टीम इससे पहले चार बार सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन कभी फाइनल में जगह नहीं बना सकी। साल 2018 में भी पाकिस्तान सेमीफाइनल तक पहुंचा था। इस बार उसने शनिवार को मेजबान बांग्लादेश को 1-0 से हराकर पहली बार फाइनल में प्रवेश किया।
  • भारत के मुख्य कोच नौशाद मूसा ने फाइनल में पहुंचने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा चरित्र और जुझारूपन दिखाया है।
  • मूसा ने कहा, 'रास्ते में हमें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों ने धैर्य, जुझारूपन और प्रतिस्पर्धा करने की मजबूत इच्छा दिखाई। हर मुकाबला सीखने और सुधार करने का मौका रहा है। अब हमारे सामने एक और अहम कदम उठाने की चुनौती है।'
विज्ञापन

SAFF Championships: India eye 10th title win, face spirited Pakistan in final all you need to know
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
ग्रुप स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को दी थी मात
फाइनल मुकाबला ग्रुप बी में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच का दोहराव होगा। दोनों टीमें 5 नवंबर को आमने-सामने आई थीं, जिसमें भारत ने 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले में सुहैल अहमद भट ने दो गोल किए थे, जबकि मैंगलेंथांग किपगेन ने एक गोल दागा था। भारत ने एक समय 3-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी। हालांकि, पाकिस्तान ने इंजरी टाइम में लगातार दो गोल करके मुकाबले को रोमांचक बना दिया था। इसके बावजूद भारतीय टीम जीत हासिल करने में सफल रही।

इसके बाद पाकिस्तान ने मालदीव को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और फिर बांग्लादेश को शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया। नॉकआउट मुकाबलों से पहले पाकिस्तान की टीम में विदेशों में खेलने वाले कई खिलाड़ी भी शामिल हुए हैं, जिससे उसकी ताकत बढ़ी है।

कोच मूसा ने पाकिस्तान को बताया मजबूत चुनौती
भारतीय कोच नौशाद मूसा का मानना है कि ग्रुप स्टेज के मुकाबले की तुलना में फाइनल में पाकिस्तान की टीम बिल्कुल अलग नजर आएगी। उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि फाइनल मुकाबला काफी अलग होगा। ग्रुप स्टेज में जिस पाकिस्तान की टीम का हमने सामना किया था, उसकी तुलना में अब टीम में काफी बदलाव है। कुछ नए खिलाड़ी भी उसके साथ जुड़े हैं। पाकिस्तान ने हमारे पहले मुकाबले का विश्लेषण किया होगा और वह पूरी तैयारी तथा मजबूत इरादों के साथ मैदान पर उतरेगा।' उन्होंने आगे कहा कि भारतीय टीम का ध्यान अपनी रणनीति पर अमल करने, अनुशासन बनाए रखने और अहम मौकों पर सही फैसले लेने पर होगा।

सेमीफाइनल में भूटान को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत
भारत ने सेमीफाइनल में भूटान को 2-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। इस मैच में विष्णु पीवी ने नौवें मिनट में गोल करके भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद कप्तान छिंगलेनसाना सिंह कोंशाम ने 27वें मिनट में दूसरा गोल दागकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दूसरे हाफ की शुरुआत में भूटान ने एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय टीम ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला जीत लिया। सेमीफाइनल और फाइनल के बीच सिर्फ दो दिन का अंतर होने के कारण भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी भी अहम होगी। कोचिंग स्टाफ खिलाड़ियों के वर्कलोड को नियंत्रित करने के साथ टीम को फाइनल के लिए मानसिक रूप से तैयार कर रहा है।

SAFF Championships: India eye 10th title win, face spirited Pakistan in final all you need to know
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड मजबूत
सीनियर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को चार मुकाबलों में सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच नौ मैच ड्रॉ रहे हैं। हालांकि, मंगलवार को होने वाला मुकाबला दोनों देशों के बीच सैफ चैंपियनशिप के इतिहास का पहला फाइनल होगा। ऐसे में जहां भारत अपने खिताबों की संख्या 10 तक पहुंचाना चाहेगा, वहीं पाकिस्तान की नजर पहली बार चैंपियन बनने का इतिहास रचने पर होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed