आंद्रेस इनिएस्टा ने रविवार को स्पेन के फीफा विश्व कप 2018 से बाहर होने के बाद अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। आश्चर्य की बात रही कि रूस के खिलाफ राउंड ऑफ 16 के मैच में इनिएस्ता को शुरुआत में बेंच पर बैठाया गया। उन्हें दूसरे हाफ में खेलने का मौका दिया गया जब दोनों टीमों का स्कोर 1-1 से बराबर था।
आंद्रेस इनिएस्टा ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, स्पेन के बाहर होने पर हैं बेहद निराश
एक्स्ट्रा टाइम समाप्त होने के बाद भी दोनों टीमों का स्कोर 1-1 से बराबर रहा और फिर रूस ने पेनल्टी शूटआउट में स्पेन को 4-3 से हराकर क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की की। अगले सप्ताह शनिवार को रूस का क्वार्टरफाइनल में मुकाबला क्रोएशिया से होगा, जिसने राउंड ऑफ 16 के एक अन्य मैच में डेनमार्क को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से मात दी।
इनिएस्ता ने कहा, 'यह सच है कि राष्ट्रीय टीम के साथ मेरा आखिरी मुकाबला था। कभी अंत ऐसा नहीं होता जैसा कि आप सपने में सोचते हैं। यह दिन मेरे करियर का सबसे दुखद है।' दिग्गज मिडफील्डर ने स्पेन के लिए 131 मैच खेले और 13 गोल किए, जिसमें 2010 विश्व कप के फाइनल में नीदरलैंड्स के खिलाफ किया गया गोल शामिल है।
इनिएस्ता स्पेन की स्वर्णिम पीढ़ी के सदस्य भी रहे, जिसने 2008 और 2012 यूरोपियन चैंपियनशिप का खिताब जीता। स्पेन के कोच फर्नांडो हिएरो ने इनिएस्ता के लिए कहा, 'मैं तहे दिल से हमारे इतिहास के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक इनिएस्ता को बधाई देता हूं। वह एक बेहद शानदार पेशेवर खिलाड़ी हैं। जिस तरह उन्हें पिच पर दूसरे हाफ में मौका दिया और उन्होंने जिस अंदाज में मैदान पर एंट्री की। उसे देखकर ऐसा लगा जैसे वह अपना पहला मैच खेलने उतरे हो। मैं उनका तहे दिल से शुक्रियाअदा करता हूं।'
स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'हम आपका सिर्फ शुक्रियाअदा कर सकते हैं इनिएस्ता। आपने हमारा मान बढ़ाया। आप हमें शीर्ष पर लेकर गए। अच्छे दोस्त, विचित्र, बेजोड़। दिल से धन्यवाद आंद्रेस।' मिडफील्डर ने हाल ही में 22 साल बाद बार्सिलोना क्लब का साथ छोड़ा और जापान की टीम विसेल कोबे के साथ दो साल का करार किया।
No podemos más que decirte gracias, @andresiniesta8. Nos diste la gloria, nos llevaste a lo más alto.
Compañero ejemplar, único, irrepetible.
Eternamente gracias, Andrés https://t.co/T2EeIa08pU pic.twitter.com/wntgp9avDj