आज यानि 17 अक्तूबर से नवरात्रि आरंभ हो गई हैं। आज से घर-घर नौ दिनों तक मां की चौकी और कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की पूजा आराधना होगी। इस दौरान भक्त मां को प्रसन्न करने के लिए उन्हें मनपसंद भोग, वस्त्र, पुष्प इत्यादि अर्पित करते हैं। लेकिन मां सबसे ज्यादा प्रसन्न भक्ति भाव और परोपकार के कार्यों को करने से होती हैं। इसलिए पूजन के साथ कुछ ऐसे कार्य भी हैं, जिन्हें करने से मां अपनी कृपा आपके ऊपर करती हैं। जानते हैं किन कार्यों को करने से माता होती हैं प्रसन्न...
नवरात्रि के नौ दिनों में करें ये कार्य प्रसन्न होकर मां दुर्गा बरसाएंगी कृपा
नवरात्रि के दिन शक्ति की उपासना के दिन हैं। इसलिए ये दिन महिलाओं के लिए बहुत खास होते हैं। इसलिए नवरात्रि और अन्य दिनों में हमेशा नारी का सम्मान करें। तभी आपकी पूजा-अर्चना सफल होती है। देवी पुराण में भी उल्लेख किया गया है कि जो लोग नारी का सम्मान करते है मां भगवती उन्हीं लोगों की पूजा मान्य करती हैं। नारी का सम्मान करने वालों से मां लक्ष्मी भी सदैव प्रसन्न रहती हैं।
नवरात्रि के दिनों में मां आपके घर विराजती हैं, ऐसे में घर में शांति का वातावरण बना कर रखें। इस समय लड़ाई-झगड़े दूर रहे। किसी को अपशब्द न कहें। सभी के साथ प्रेम और समानता का व्यवहार करें। जिन घरों में कलह होती है वहां देवी-देवता वास नहीं करते हैं। ऐसे घर में कभी बरकत भी नहीं होती है। जरुरतमंद और असहाय व्यक्ति का अपमान न करें हो सके तो उनकी सहायता करने का प्रयत्न करें। इससे मां प्रसन्न होती हैं।
निरीह पशुओं को भी नहीं सताना चाहिए। नवरात्रि के दिनों में मूक जीवों को न मारें। उन्हें भोजन कराएं। इन नौं दिनों तक पक्षियों को दाना डालें उनके पानी की व्यवस्था करें। इससे मां भगवती प्रसन्न होती हैं।
नवरात्रि के दिनों में घर पर आए अतिथि का सम्मान पूर्वक स्वागत करें। अगर आपके द्वार पर कोई भिक्षुक या जरुतमंद आए तो उसे खाली हाथ वापस न करें उसे भोजन करवाकर ही विदा करें। अतिथि सत्कार गरीबों को भोजन कराने से मां प्रसन्न होती हैं।