Phulera Dooj 2023: हर वर्ष फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर फूलेरा दूज का पर्व मनाया जाता है। इस बार फूलेरा दूज कल यानी 21 फरवरी 2023, मंगलवार को मनाई जाएगी। ब्रज में फूलेरा दूज बहुत ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। मान्यता है कि फूलेरा दूज पर भगवान कृष्ण और राधा रानी फूलों की होली खेलते हैं। फुलेरा दूज पर घरों को फूलों और रंगोली से सजाया जाता है। इसके साथ ही फुलेरा दूज पर कृष्णजी को पकवान का भोग लगाया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण के लिए विशेष प्रकार का पकवान तैयार किया जाता है। ज्योतिष शास्त्र में फूलेरा दूज एक अबूझ मुहूर्त माना गया है। ज्योतिष मान्यता के अनुसार इस दिन बिना मुहूर्त देखे सभी तरह के शुभ और मांगलिक कार्य किए जा सकते हैं। मान्यता के अनुसार भगवान कृष्ण और राधा जी की पूजा करने से वैवाहिक जीवन में प्रेम की बहार आती है और इस दिन शादी-विवाह करने पर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद मिलता है।
Phulera Dooj 2023: फुलेरा दूज आज, इस दिन विवाह करने से मिलता है राधा कृष्ण का आशीर्वाद, जानें मुहूर्त
फूलेरा दूज से जुड़ी धार्मिक मान्यता
कहते हैं कि फूलेरा दूज के दिन से ही भगवान श्रीकृष्ण ने होली खेलने की परंपरा की शुरूआत की थी। ब्रज की समस्त गोपियों ने राधा-कृष्ण के प्रेम की खुशी में फूल बरसाए थे, इस कारण से इस त्योहार का महत्व होता है। फुलेरा दूज का महत्व शादियों को लेकर है। होली से करीब पंद्रह दिन पूर्व विवाह शुभ मुहूर्त समाप्त हो जाता है। लेकिन फुलेरा ददोज का दिन एक मात्र ऐसा दिन है जिसे दिन अभुज मुहूर्त माना जाता है। यह तिथि भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित होती है।
फुलेरा दूज के दिन विवाह करना शुभ
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार फुलेरा दूज का न सिर्फ धार्मिक परिपेक्ष्य से अपितु ज्योतिषीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। हिंदू पंचांग की मान्यता के अनुसार, फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि विवाह बंधन के लिए वर्ष का सर्वोत्तम दिन है।इसीलिए इस विशेष दिन सर्वाधिक विवाह समारोह भी संपन्न होते हैं। कहते हैं कि इस दिन विवाह करने से दंपति को भगवान कृष्ण का आशीर्वाद हासिल होता है।
फुलेरा दूज का शुभ मुहूर्त
फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि आरंभ: 21 फरवरी 2023, मंगलवार, प्रातः 07:34 मिनट से
फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि समाप्त: 22 फरवरी 2023, बुधवार, प्रातः 04:27 मिनट पर
उदया तिथि के अनुसार यह पर्व 21 फरवरी 2023 को ही मनाया जाएगा।
श्रीकृष्ण और राधा रानी पूजा मुहूर्त: गोधूलि मुहूर्त: सायं 06: 42 से 07: 05 तक