Bhai Dooj 2023 Date and Tilak Time: भाई दूज हर साल दिवाली के दो दिन बाद मनाया जाता है। ये रक्षाबंधन की तरह ही बेहद खास होता है। इस दिन बहनें भाई की लंबी उम्र के लिए पूजा करती हैं। साथ ही उनकी सलामती की कामना करते हुए भाई दूज के सभी नियमों का पालन करती हैं। ये त्योहार भाई और बहन के प्यार और रक्षा का प्रतीक होता है। भाई दूज को यम द्वितीया भी कहते हैं। हिंदू धर्म में इसका विशेष महत्व है।
Bhai Dooj 2023: भाई दूज के दिन इस मुहूर्त में करें तिलक, बहनें भूलकर भी न करें ये गलतियां
कब है भाई दूज 2023?
इस साल कार्तिक माह के शुक्ल द्वितीया तिथि की शुरुआत 14 नवंबर 2023 को दोपहर 02 बजकर 36 मिनट से शुरू हो रही है। इसका समापन 15 नवंबर 2023 को दोपहर 01 बजकर 47 मिनट पर होगा। ज्योतिष जानकारों के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि, जिस दिन दोपहर के समय होती है, उसी दिन भाई दूज का त्योहार मनाना चाहिए। ऐसे में इस साल भाई दूज का पर्व 14 नवंबर को मनाया जाएगा। वहीं हिंदू धर्म में ज्यादातर उदया तिथि को मान्यता दी जाती है, इसलिए कुछ लोग 15 नवंबर को भी भाई दूज मनाएंगे।
भाई दूज 2023 तिलक मुहूर्त क्या है?
भाई दूज के दिन तिलक मुहूर्त का विशेष महत्व है। इस साल जो बहनें 14 नवंबर को भाई दूज मनाएंगी, वे दोपहर 01:10 से लेकर 03:19 के बीच अपने भाई को तिलक लगा सकती हैं। वहीं जो बहनें 15 नवंबर को भाई दूज मनाएंगी, वो सुबह 10 बजकर 40 मिनट से दोपहर 12:00 बजे तक के बीच में तिलक कर सकती है।
इस दिशा में हो भाई का मुंह
भाई दूज के दिन बहनें तिलक करते समय सही दिशा में बैठे। इस दौरान भाई का मुंह उत्तर या उत्तर-पश्चिम में से किसी एक दिशा में होना चाहिए और बहन का मुख उत्तर-पूर्व या पूर्व में होना चाहिए।
तिलक करने की विधि
भाई दूज के शुभ दिन पर सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करनी चाहिए। उसके बाद तिलक करने से पहले थाली में रोली, अक्षत और गोला और मिठाई रख लें। फिर मुहूर्त के अनुसार, भाई का तिलक करें। बाद में उसे गोला भी दें। इस दौरान अपने भाई को मनपसंद का भोजन करवाएं। बाद में भाई अपनी बहन से आशीर्वाद लें और उन्हें भेंट दें।