राजस्थान के बाड़मेर जिले की कलेक्टर आईएएस टीना डाबी से एक व्यक्ति ने अनोखी मांग कर दी। व्यक्ति की मांग सुनकर कलेक्टर टीना डाबी और उनके साथ बैठे अफसर भी सन्न रह गए। फरियादी मांगीलाल सड़क की समस्या को लेकर टीना डाबी से मिलने पहुंचा था, इस दौरान उसने कलेक्टर से कहा कि मैडम मुझे सिर्फ एक हेलीकॉप्टर दिला दीजिए, जिससे मैं घर से बाहर आ-जा सकूं।
दरअसल, बाड़मेर जिले के जोरापुरा (बाघा) गांव में रहने वाले मांगीलाल पुत्र हुकमाराम मेघवाल लंबे समय से रास्ते की समस्या से परेशान थे। जिसे लेकर उन्होंने कलेक्टर टीना डाबी से मुलाकात की और शिकायत पत्र देकर कहा- उसके घर से बाहर जाने का रास्ता नहीं है, जिससे उसे न केवल घर तक पहुंचने में बल्कि फसल की देखभाल करने में भी परेशानी हो रही है। पहले एसडीएम और पुलिस की मदद से रास्ता खुलवाया गया था, लेकिन अब उस रास्ते पर शारीरिक शिक्षक खेराजराम ने कब्जा कर लिया है और वहां जीरा बो दिया है, जिससे रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। कलेक्टर टीना डाबी और अन्य अधिकारियों को अपनी समस्या बताने का मांगीलाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
2 of 3
मांगीलाल ने IAS टीना डाबी से की हेलीकॉप्टर की मांग।
- फोटो : Amar Ujala
मांगीलाल में अपने पत्र में क्या लिखा?
'मैं मांगीलाल पुत्र हुकमाराम जोरापुरा (बाधा) का निवासी हूं। मेरे घर तक आने-जाने के लिए कोई सही रास्ता नहीं है। खेत में मेरी फसल पड़ी हुई, जिसके लिए कोई वाहन भी नहीं आ पा रहा है। रास्ता नहीं होने के कारण कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना रहा है। इससे पहले उपखंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर रास्ता खुलवाने का आदेश करवाया था। इसके बाद पुलिस ने रास्ता खुलवाया था। लेकिन, अब रास्ते पर अध्यापक खेराजराम पुत्र कानाराम PTI ने अतिक्रमण कर लिया है और रास्ते की भूमि पर जीरा बो दिया है। अतः निवेदन है कि मुझ पीड़ित को घर से बाहर आने जाने के लिए एक हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जाए। क्योंकि, रास्ता नहीं होने से कोई साधन नहीं आ पा रहा है। ऐसे में एक मात्र हेलीकॉप्टर दिलाने की कृपा करें'।
3 of 3
मांगीलाल ने IAS टीना डाबी से की हेलीकॉप्टर की मांग।
- फोटो : Amar Ujala
मांग सुनकर चौंकी टीना डाबी
मांगीलाल की हेलीकॉप्टर की मांग सुनकर कलेटर टीना डाबी भी एक पल के लिए सन्न रह गईं। हालांकि, बाद में उन्होंने शख्स की समस्या को समझा और संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्या का समाधान कराने के दिशा-निर्देश दिए।
मांगीलाल का वीडिया वायरल
मांगीलाल की हेलीकॉप्टर की मांग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिस पर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।