नगर कीर्तन अटारी से पाकिस्तान रवाना, स्वागत में इंटरनेशनल बॉर्डर तक बिछाए फूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के गुरुद्वारा श्री पियाऊ साहिब से रवाना हुए दूसरे इंटरनेशनल नगर कीर्तन का अटारी सड़क सीमा पर पहुंचने पर गुलाब के फूलों के साथ स्वागत किया गया। नगर कीर्तन के स्वागत में खड़े श्रद्धालुओं ने सद्भावना गेट से इंटरनेशनल सीमा तक श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी पर फूलों की बारिश की। पंज प्यारों की अगुवाई में पाकिस्तान गए इस नगर कीर्तन में शामिल एक सुनहरी पालकी साहिब में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप को सद्भावना गेट तक लाया गया।
इस दौरान श्री हरमंदिर साहिब के ग्रंथी ज्ञानी बलविंदर सिंह श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप को शीश पर सुशोभित कर इंटरनेशनल सीमा तक ले गए। पालकी साहिब को संगत ने उठाया। सतनाम वाहेगुरु का जाप करते हुए संगत पालकी साहिब को सीमा पार ले गई।
पाकिस्तान वाघा सीमा पर इस पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को गुरु मर्यादा के साथ सुशोभित किया गया। यही सुनहरी पालकी गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में चार अक्तूबर को सुशोभित की जानी है। सोने से बनी यह पालकी काफी भारी है। अटारी सीमा पर नगर कीर्तन के स्वागत के लिए सद्भावना गेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा तक फूलों की चादर बिछाई हुई थी।
वाघा सीमा पर पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष भाई सतवंत सिंह व उनके साथियों ने सिख संगत के साथ नगर कीर्तन का स्वागत किया। वाघा सीमा से नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब के लिए रवाना हो गया। पाकिस्तान सरकार ने नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए 1217 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किए हुए थे। देश के अलग-अलग राज्यों की संगत इस नगर कीर्तन में शामिल हुई।
28 अक्तूबर से दिल्ली से चला यह नगर कीर्तन सुल्तानपुर लोधी, श्री अमृतसर साहिब से होता हुआ तीन दिन बाद अटारी सड़क सीमा पर पहुंचा। नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब, गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब और गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करेंगे। परमजीत सिंह सरना को पाकिस्तान जाने से रोक देने पर अटारी सीमा पर नगर कीर्तन की अगुवाई हरविंदर सिंह सरना ने की।
नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालु सुबह-सवेरे ही अटारी सड़क सीमा पर पहुंचे। आईसीपी में इन श्रद्धालुओं के दस्तावेजों की जांच की विशेष व्यवस्था की हुई थी। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के साथ ही कई श्रद्धालु अटारी सड़क सीमा से पाकिस्तान रवाना हो गए। जब श्रद्धालु पाकिस्तान में प्रवेश कर रहे थे, उस समय सीमावर्ती इलाकों में स्मॉग की चादर बिछी हुई थी।
श्री अकाल तख्त साहिब में अरदास कर अटारी के लिए रवाना हुआ नगर कीर्तन
इससे पहले नगर कीर्तन बुधवार रात अमृतसर पहुंचा। गुरुवार सुबह नगर कीर्तन श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचा जहां अरदास हुई। श्री हरमंदिर साहिब के ग्रंथी ज्ञानी बलविंदर सिंह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पावन स्वरूप पालकी साहिब में सुशोभित करने की सेवा निभाई।
नगर कीर्तन रवाना करने से पहले ज्ञानी बलविंदर सिंह और एसजीपीसी के चीफ सेक्रेटरी डॉ. रूप सिंह ने पंज प्यारों और निशानची साहिब को सिरोपा भेंट किया। एसजीपीसी ने भी नगर कीर्तन के स्वागत में रेड कारपेट बिछाया था। टाउन हॉल के नजदीक पंजाब पुलिस की एक महिला टुकड़ी ने नगर कीर्तन को सलामी दी।
सिखों का इतिहास किसी सरकार से न मांगने का है: मान
नगर कीर्तन में शामिल हुए शिअद (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान ने कहा कि पाकिस्तान सरकार ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर के लिए जो 20 डॉलर की फीस रखी है, वह श्रद्धालु अपनी जेब से भरेंगे। सिखों का इतिहास सरकारों से कुछ भी न मांगने वाला रहा है।
सुखबीर बादल पर तंज कसते हुए मान ने कहा कि उन्हें इतिहास की जानकारी नहीं है, इसलिए सरकारों से 20 डॉलर की फीस भरने की मांग कर रहे हैं। जब मान अटारी सीमा पर पहुंचे, तो वहां तैनात पंजाब पुलिस के बैंड ने उन्हें सलामी दी। इससे खुश होकर मान ने पंजाब पुलिस के बैंड को 1100 रुपये की राशि भेंट की।
शिअद (दिल्ली) के अध्यक्ष सरना को पाकिस्तान जाने से रोका
इसी नोटिस के आधार पर सरना को आईसीपी में रोका गया। परमजीत सरना के भाई हरविंदर सिंह सरना ने अटारी सड़क सीमा पर मीडिया को बताया कि जिस केस का हवाला देकर उनके भाई को पाकिस्तान जाने से रोका गया है, वह सात साल पुराना है। इसके बाद परमजीत सरना कई बार विदेश की यात्रा कर चुके हैं। उन्हें देश के किसी भी हवाई अड्डे पर नहीं रोका गया।
2008 के बाद परमजीत सरना कई बार पाकिस्तान भी जा चुके हैं। उनके भाई जब भी पाकिस्तान गए हैं, उन्होंने अटारी सड़क सीमा से ही पाकिस्तान में प्रवेश किया है। तब किसी इमिग्रेशन अधिकारी ने उन्हें पाकिस्तान जाने से नहीं रोका। अब जबकि उनके भाई श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर सजाए गए नगर कीर्तन की अगुवाई कर रहे हैं, तब उन्हें पाकिस्तान न जाने देना एक साजिश है।
सरना ने तल्खी भरे अंदाज में कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केदारनाथ की यात्रा करने से रोक दिया जाए, तब मोदी और अमित शाह किससे अपील करेंगे। सरना ने कहा कि वह 15 दिन पहले ही पाकिस्तान की यात्रा में गए थे। नगर कीर्तन के सभी प्रबंध कर लौटे थे। उस समय उन्हें नहीं रोका गया। वह अपने व्यापारिक दौरों में कई बार विदेश गए हैं। उसे किसी भी हवाई अड्डे में नहीं रोका गया।
इसके बाद सरना अमृतसर लौट आए हैं। नगर कीर्तन में शामिल संगत को जब इस बात की जानकारी मिली कि सरना उनके साथ नहीं जा रहे, तो उनमें रोष व्याप्त हो गया।