उज्जैन में एक और दो मार्च को आयोजित होने जा रहे रिजनल इण्डस्ट्री कॉन्क्लेव में 644.97 एकड़ भूमि पर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्लांट लगाए जाएंगे। इसमें लगभग 8014.94 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके माध्यम से 12 हजार से अधिक लोगों को रोजगार प्राप्त हो सकेगा।
जिन इकाइयों की स्थापना होगी, उनमें खाद्य प्रसंस्करण, प्लास्टिक, फार्मास्युटिकल, मेडिकल डिवाइस, टेक्निकल टेक्सटाइल, एडवांस कार्बन, सीमेंट, ऑक्सीजन सिलेंडर, इथेनॉल, कपड़ा एवं परिधान, डिटर्जेंट शामिल है। इन इकाइयों की स्थापना उज्जैन और इन्दौर संभाग के जिलों में की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उज्जैन सहित देवास, नीमच, रतलाम, खरगोन, धार, इन्दौर, झाबुआ में उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से वर्चुअल भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। सांसद, विधायक सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि संबंधित क्षेत्र में उपस्थित रहेंगे।
विभिन्न औद्योगिक इकाईयो द्वारा लगाई जाएगी प्रदर्शनी
रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों द्वारा अपने उत्पादों पर केन्द्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें प्रमुख रूप से वीईसीवी लिमिटेड द्वारा ऑटो-ओईएम उत्पाद, श्रीजी पॉलीमर द्वारा प्लास्टिक प्रोडक्ट, बेस्ट कॉर्पोरेशन द्वारा गारमेंट, इंवायरो रिसाइकलिंग द्वारा प्लास्टिक रिसाइकलिंग, सुधाकर पाईप्स द्वारा पीवीस पाईप्स, गुजरात गैस लिमिटेड द्वारा गैस डिस्ट्रिब्यूशन, ब्रांड कांसेप्ट द्वारा बैग मेन्युफेक्चरिंग, यासेन द्वारा मेडिकल डिवाइसेस, वनुषी प्रा.लि. द्वारा मेडिकल डिवाइसेस, टेटवेलप्स द्वारा ई-बाईक और ई-साइकल पर केन्द्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
2 of 2
उज्जैन में यहां होगा इंडस्ट्री कॉन्क्लेव।
- फोटो : अमर उजाला
12 से अधिक औद्योगिक क्षेत्रों पर किया जाएगा भूमि पूजन और लोकार्पण
रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में प्रदेश के 12 से अधिक औद्योगिक स्थानों पर विभिन्न इकाईयों का वर्चुअल भूमि पूजन एवं लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे। औद्योगिक विकास के प्रति जन-जागरुकता प्रदेश के कोने-कोने पहुंचाने के लिए लोकार्पण एवं भूमि पूजन के इन कार्यक्रमों को स्थानीय स्तर पर बड़ा रूप दिया जा रहा है। साथ ही 12 स्थान पर इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ जन-सामान्य भी उपस्थित रहेंगे। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
सीएम सीधी बात करेंगे बड़े उद्योगपतियों से
रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. यादव बड़े उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। उन्हें प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। प्रदेश की औद्योगिक नीति के बारे में विस्तार से चर्चा करने और उद्योगपतियों को इस बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए पांच सेक्टोरियल सेशन भी होंगे। इनमें विभिन्न विषय विशेषज्ञ उद्योगपतियों को प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य और उपलब्ध अनुदानों के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे।
तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एक मार्च को कालिदास अकादमी उज्जैन में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, विक्रमोत्सव और विक्रम व्यापार मेले का शुभारंभ किया जाएगा। सभी आयोजन की तैयारियां सुनियोजित और सुव्यवस्थित ढंग से जिला प्रशासन उज्जैन द्वारा की जा रही हैं। कलेक्टर उज्जैन नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने सभी आयोजन स्थलों पर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कालिदास अकादमी में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक समतलीकरण किए जाने के निर्देश नगर निगम को दिए। उन्होंने यहां मेडिकल और पेयजल की भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए बैठक की बेहतर व्यवस्था की जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, विक्रमोत्सव और विक्रम व्यापार मेले की प्रभावी ढंग से ब्रांडिंग किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए वॉलिंटियर्स और राजस्व अमले की ड्यूटी लगाई जाएं।