मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों लाड़ली बहना योजना को लेकर लगातार प्रदेश भर में दौरे कर रहे हैं। इसी योजना के एक आयोजन में मुख्यमंत्री गुरुवार को बड़वानी जिले के सालीटांडा में पहुंचे थे। महिलाओं ने उन्हें 211 लंबी राखी भेंट की। मुख्यमंत्री ने यहां 371 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया तो वहीं 149 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं सीएम ने पेसा एक्ट की बैठक में शिकायत मिलने पर राजपुर एसडीएम को हटाने के निर्देश दे दिए।
बता दें कि मुख्यमंत्री गुरुवार को बड़वानी जिले में थे। यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मंच से बहनों के लिए फूलों का तारों का सबका कहना है एक हजारों में मेरी बहना है गाना गया। उन्होंने नीचे आकर रैम्प पर टहलते हुए प्रदेश की महिलाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे भी उनके भाई हैं इसलिए उन्हें भी अपनी बहनों को राखी पर कुछ देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि बहनों को साल में एक बार कुछ देने से काम नहीं चलता इसलिए उन्होंने सोचा की हर माह बहनों के खाते में 1 हजार रु डाल दें, और इसलिए लाड़ली बहना योजना उन्होंने बनाई। उन्होंने कहा कि बहनों को लट्ठ खाते भी देखा है मैंने। प्रदेश के कई जिले ऐसे थे, जहां बेटी पेट में होने की खबर मिलते ही उसे मार दिया जाता था। बेटी नहीं बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे। सीएम ने कहा कि आज प्रदेश में 44 लाख 50 हजार लाडली लक्ष्मी बहनें हो गई हैं। बहनों को चुनाव लड़वाना है। मप्र एकमात्र ऐसा प्रदेश है, जहां आधी सीटों पर बहनें खड़ी होंगी।
2 of 3
बड़वानी में सीएम ने महिलाओं को संबोधित किया।
- फोटो : सोशल मीडिया
पैसा मांगा तो खैर नहीं
सीएम शिवराज ने कहा कि इस योजना से जब सास और बहु को अलग अलग हजार हजार रु मिलेंगे तो उनका आपस में प्रेम तो बढ़ेगा ही वहीं जब बहनों के पतिदेव को भी पैसे की जरूरत पड़ेगी तो बहनें तत्काल निकाल कर पति को दे देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना सफल तो उनका मुख्यमंत्री बनना सफल है। योजना के फॉर्म भरने को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि योजना के फॉर्म भरने में कोई पैसा मांगेगा तो उसको हथकड़ी लगवा दूंगा।
नर्मदा के लिए कोशिशें जारी
नर्मदा जल लाने पर उन्होंने कहा कि पानसेमल और निवाली में नर्मदा जी का पानी लाने का सर्वे का काम तत्काल शुरू किया जाएगा, कांग्रेस ने तो नर्मदा जी का पानी नहीं दिया। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि सभी नगर पालिका को 2 - 2 करोड़ की राशि विकास कार्यों के लिए दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नागलवाड़ी मंदिर तक पहुंचने वाले घाट पर सड़क निर्माण के लिए राशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है।
3 of 3
सीएम के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची थीं।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजपुर एसडीएम को हटाने के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना सम्मेलन के बाद पेसा एक्ट को लेकर बैठक की। इसमें शिकायतें मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए राजपुर एसडीएम वीरसिंह चौहान को हटाने के निर्देश दिए। निवाली में लाड़ली बहना सम्मेलन हुआ। इसके बाद वे सालिटांडा रवाना हुए। जहां उन्होंने गायत्री परिवार के कार्यक्रम में भाग लिया।