शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहों में शामिल लवकुश चौराहे पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस चौराहे से रोजाना लाखों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। हाल ही में यहां बने बहुप्रतीक्षित डबलडेकर फ्लाईओवर की पहली लेन, जो अरबिंदो अस्पताल से बाणगंगा मार्ग की ओर जाती है, बुधवार से आम लोगों के लिए खोल दी गई। इसके बावजूद चौराहे पर ट्रैफिक जाम की समस्या कम होती नजर नहीं आ रही है।
सोमवार सुबह लवकुश चौराहे पर करीब तीन घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। इस दौरान सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। सबसे अधिक परेशानी स्कूल-कॉलेज की बसों, अस्पतालों की एंबुलेंस और दफ्तर जाने वाले लोगों को उठानी पड़ी।
सुबह करीब 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया। हालांकि, भारी वाहनों की आवाजाही और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण पुलिस को भी व्यवस्था सामान्य करने में तीन घंटे से अधिक समय लग गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर की एक लेन शुरू होने के बाद भी चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव कम नहीं हुआ है। लोगों का मानना है कि जब तक फ्लाईओवर का पूरा प्रोजेक्ट चालू नहीं होगा और ट्रैफिक का समुचित प्रबंधन नहीं किया जाएगा, तब तक इस चौराहे पर जाम की समस्या बनी रह सकती है।
2 of 3
रांग साइड से आ रहे वाहनों को पुलिस ने रोका।
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
निर्माण कार्य के चलते दोनों तरफ की सड़कें खोदी गईं
शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहों में शामिल लवकुश चौराहे पर ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। एक ओर बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जारी है, वहीं दूसरी ओर आसपास की सर्विस रोड का काम भी चल रहा है। निर्माण कार्य की वजह से आम लोगों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी ने चौराहे के दोनों ओर की सड़कों की खुदाई एक साथ कर दी है। यदि पहले एक तरफ का निर्माण कार्य पूरा कर दूसरी ओर काम शुरू किया जाता, तो लोगों को इतने बड़े ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ता।
फिलहाल चौराहे के दोनों ओर सड़कों पर भारी मात्रा में मलबा पड़ा हुआ है और जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं। इसके कारण वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। नतीजतन वाहन रेंग-रेंगकर गुजर रहे हैं और सुबह-शाम लोगों को लंबी जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा नहीं किया जाएगा और ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर नहीं बनाया जाएगा, तब तक लवकुश चौराहे पर जाम की समस्या से राहत मिलना मुश्किल है।
3 of 3
रांग साइड से आ रहे वाहनों को पुलिस ने रोका।
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
रांग साइड से आ रहे वाहनों के कारण लग रहा लंबा जाम
अरबिंदो अस्पताल के ठीक सामने कई ऐसे छोटे मार्ग और कट हैं, जहां से वाहन चालक लगातार गलत दिशा से आते हैं। इन गलत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण चौराहे से आने-जाने वाले दोनों प्रमुख मुख्य मार्ग पूरी तरह से बाधित और बंद हो जाते हैं। पिछले एक सप्ताह से इस क्षेत्र में यह गंभीर समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और यातायात पुलिस ने इस ओर समय रहते ध्यान नहीं दिया। आज जब अचानक चौराहे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और स्थिति अनियंत्रित हो गई, तब जाकर पुलिस और स्थानीय प्रशासन का अमला हरकत में आया और मौके पर सक्रिय हुआ।