Gwaliro Car Accident: ग्वालियर में बेखौफ कार सवार एक नाबालिग ने शहर की सड़कों पर ऐसा तांडव मचाया कि लोग दहशत में आ गए। काली फिल्म चढ़ी कार चला रहे इस नाबालिग चालक ने पुलिस और आमजन को रौंदते हुए कई जगह हादसों को अंजाम दिया। इस दौरान कार ने करीब 8 से 10 वाहनों को टक्कर मार दी और 15 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में एक महिला और ट्रैफिक पुलिस का आरक्षक भी शामिल है।
घटना जब पड़ाव थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस ने एक संदिग्ध काले शीशे वाली कार को रोकने की कोशिश की। ट्रैफिक जवान अतुल शर्मा कार को रोकने के लिए उसके बोनट पर चढ़ गए, लेकिन चालक ने रफ्तार कम करने की बजाय लगभग 200 मीटर तक उसे बोनट पर लटकाए रहा और गाड़ी तेज कर दी, जिससे जवान बुरी तरह जख्मी हो गया। इसके बाद कार चालक ने बेकाबू होकर भागते हुए महिला को टक्कर मारी और रास्ते में खड़े कई लोगों को टक्कर मार दी।
पुलिस को देख घबराया
आरोप है कि एक नाबालिग कार चला रहा था। पुलिस के रोकने पर वह घबराया और नियंत्रण खो बैठा। करीब आधे किलोमीटर तक अनियंत्रित तरीके से कार दौड़ाने के बाद वह घटनास्थल से भागने की फिराक में था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पहले तो जमकर खातिरदारी की ओर फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
ये भी पढ़ें- AI से बनाए अश्लील वीडियो और फोटो रिश्तेदारों को भेजता था पति, अब पत्नी ने पुलिस से की शिकायत
2 of 2
घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
आरक्षक अस्पताल में भर्ती
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार ने लगभग 300 मीटर तक आतंक मचा दिया। जहां-जहां से कार गुजरी वहां चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। लोग सुरक्षित जगह भागते नजर आए। हादसे में घायल आरक्षक अतुल शर्मा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सिर और हाथ में भी चोटें आई हैं। वहीं, घायल महिला को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें- होटल कुक के अकाउंट से करोड़ों का ट्रांजेक्शन, आयकर विभाग ने भेजा 46 करोड़ का नोटिस ,उड़ गए होश
बिना अनुमति लाया कार
पुलिस ने नाबालिग चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह परिजन की कार लेकर बिना अनुमति सड़क पर निकल गया था। मामले में किशोर के परिजनों पर भी लापरवाही का प्रकरण दर्ज किया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि काले शीशे और बिना नंबर की कार चलाने वालों पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
हिरासत में लिया
मामले की जानकारी देते हुए पड़ाव थाना आलोक परिहार ने बताया कि कार चालक नाबालिग है, उसे चेकिंग के दौरान रोका गया। जिसके कारण उसने एकदम कार की रफ्तार बढ़ा दी। इस घटना में एक सिपाही सहित अन्य लोग भी घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। नाबालिग को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।